कानपुर मेट्रो ने रचा कीर्तिमान, अब तक 1 करोड़ यात्रियों ने किया सफर

यूपीएमआरसी एमडी सुशील कुमार ने यात्रियों के भरोसे के लिए जताया आभार
कानपुर।
नववर्ष 2026 के पहले ही दिन कानपुर मेट्रो ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए यात्री सेवा आरंभ होने से अब तक 1 करोड़ यात्रियों का आंकड़ा पार कर लिया है। नए साल के स्वागत के अवसर पर बड़ी संख्या में शहरवासियों ने मेट्रो से यात्रा कर इस उपलब्धि को और भी खास बना दिया। जहां एक ओर शहर की सड़कों पर यातायात का भारी दबाव और जाम देखने को मिला, वहीं दूसरी ओर कानपुर मेट्रो यात्रियों के लिए सुरक्षित, सुगम और समयबद्ध यात्रा का भरोसेमंद माध्यम बनी रही।
नववर्ष के दिन मेट्रो स्टेशन दिनभर यात्रियों के लिए आकर्षण का केंद्र बने रहे। मोतीझील, बड़ा चौराहा और कानपुर सेंट्रल मेट्रो स्टेशन पर आयोजित पुस्तक मेलों में भी लोगों की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली। देर शाम तक यात्रियों का आवागमन जारी रहा और राजस्व परिचालन समाप्त होने तक (रात्रि 10 बजे) मेट्रो की राइडरशिप लगभग 35 हजार तक पहुंचने की संभावना जताई गई।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीएमआरसी) के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने शहरवासियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यात्रियों के प्यार और समर्थन से कानपुर मेट्रो के लिए नए साल की शुरुआत अत्यंत उत्साहपूर्ण रही है। उन्होंने बताया कि आज के दिन कानपुर मेट्रो की कुल राइडरशिप 1 करोड़ के आंकड़े को पार कर चुकी है, जो शहरवासियों के भरोसे और मेट्रो की बढ़ती लोकप्रियता को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि नए साल में कानपुर मेट्रो की यात्री सेवाओं का विस्तार नौबस्ता तक होने और कॉरिडोर-2 (सीएसए से बर्रा-8) के आरंभ होने के बाद यात्रियों की संख्या में और अधिक वृद्धि होगी। उन्होंने कानपुर मेट्रो के प्रति निरंतर विश्वास जताने के लिए शहरवासियों का आभार व्यक्त किया।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 30 मई 2025 को नयागंज स्टेशन से अंडरग्राउंड मेट्रो को हरी झंडी दिखाए जाने के बाद दूसरे चरण के विस्तार के साथ मेट्रो स्टेशनों की संख्या 9 से बढ़कर 14 हो गई है। कानपुर सेंट्रल तक कनेक्टिविटी और पांच नए स्टेशनों के जुड़ने से कानपुर मेट्रो तेजी से शहर की जीवनरेखा के रूप में स्थापित हो रही है।
आईआईटी से कानपुर सेंट्रल तक की दूरी, जिसे पहले तय करने में सवा घंटे से अधिक समय लगता था, अब मेट्रो के माध्यम से मात्र 27 मिनट में पूरी की जा रही है। ट्रैफिक जाम से राहत, वातानुकूलित आरामदायक यात्रा और किफायती किराया मेट्रो को शहरवासियों की पहली पसंद बना रहे हैं।
कानपुर मेट्रो ने न केवल यात्रा को आसान बनाया है, बल्कि शहर को एक नई यात्रा संस्कृति से भी जोड़ा है। ईज़ ऑफ ट्रैवल और मल्टी-मॉडल कनेक्टिविटी के प्रयासों से यात्रियों को उल्लेखनीय लाभ मिल रहा है। साथ ही विभिन्न मेट्रो स्टेशनों पर 20 से अधिक आउटलेट्स के माध्यम से खानपान और खरीदारी की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। पुस्तक पढ़ने की संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्टेशनों पर आयोजित पुस्तक मेले भी यात्रियों को खासा आकर्षित कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद