कानपुर। नगर आयुक्त के निर्देश पर कानपुर नगर निगम द्वारा शहर के सौंदर्यीकरण, पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से औद्यानिकरण (बागवानी) एवं ग्रीन बेल्ट से संबंधित एक महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। नगर निगम मुख्यालय स्थित सभागार कक्ष में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य अभियंता (सिविल) द्वारा की गई।
इस अवसर पर अभियंत्रण विभाग से जुड़े अभियंताओं, उद्यान अधीक्षकों एवं कर्मचारियों को विशेषज्ञों द्वारा बागवानी और ग्रीन बेल्ट के संरक्षण से संबंधित तकनीकी एवं व्यावहारिक जानकारी दी गई। प्रशिक्षण कार्यक्रम में चंद्र शेखर आज़ाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) के प्रोफेसर, वन विभाग के विशेषज्ञ तथा जिला उद्यान अधिकारी कानपुर नगर ने बतौर विशेषज्ञ सहभागिता की।
प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञों ने नगर निगम के अधीन आने वाले उद्यानों और ग्रीन बेल्ट की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए पेड़-पौधों के उचित अनुरक्षण, वैज्ञानिक पद्धति से कटाई-छंटाई, पौधारोपण की आधुनिक तकनीक, मौसमी एवं स्थायी पौधों के चयन सहित कई अहम बिंदुओं की जानकारी दी। साथ ही यह भी बताया गया कि किस प्रकार व्यवस्थित बागवानी से न केवल शहर का सौंदर्य बढ़ाया जा सकता है, बल्कि पर्यावरण संतुलन भी बेहतर किया जा सकता है।
विशेष रूप से प्रशिक्षण में नगर के विभिन्न उद्यानों में लगाए गए औषधीय, छायादार एवं फलदार पौधों की जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने इन पौधों की फूल-पत्तियों और फलों के मानव स्वास्थ्य में उपयोग पर भी विस्तार से चर्चा की और बताया कि किस तरह शहरी क्षेत्रों में ऐसे पौधे नागरिकों के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में सहायक हो सकते हैं।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य अभियंत्रण विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को उद्यानों एवं ग्रीन बेल्ट की देखभाल के लिए तकनीकी रूप से सशक्त बनाना है, ताकि भविष्य में नगर निगम द्वारा किए जाने वाले हरित विकास कार्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से क्रियान्वित किया जा सके और कानपुर शहर को स्वच्छ, सुंदर और हरा-भरा बनाया जा सके।
कार्यक्रम में मुख्य अभियंता (सिविल) नगर निगम वी.के. त्रिपाठी, सीएसए प्रोफेसर उमेश उत्तम, जिला उद्यान अधिकारी कानपुर नगर यू.सी. भट्ट, वन विभाग के प्रोफेसर सहित अभियंत्रण विभाग के समस्त अभियंता, उद्यान अधीक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
नगर निगम में औद्यानिकरण व ग्रीन बेल्ट पर प्रशिक्षण