कानपुर–स्वरूप नगर थाना क्षेत्र स्थित हैलट हॉस्पिटल में कमीशनखोरी के सक्रिय रैकेट पर मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल प्रोफेसर संजय काला ने बड़ी कार्रवाई करते हुए औचक निरीक्षण के दौरान एक दलाल को रंगे हाथ पकड़ लिया। यह दलाल सरकारी अस्पताल में इलाज कराने आए मरीजों को बहला-फुसलाकर प्राइवेट अस्पतालों और पैथोलॉजी लैब में ले जाने का काम करता था और हर मरीज के बदले कमीशन प्राप्त करता था। प्रिंसिपल संजय काला जब राउंड पर थे, तभी उनकी नजर संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त एक व्यक्ति पर पड़ी। संदेह होने पर उसे रोका गया और तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके बैग से कई ब्लड सैंपल की शीशियां, मरीजों के आधार कार्ड और अन्य संवेदनशील दस्तावेज बरामद हुए, जिससे यह स्पष्ट हो गया कि वह मरीजों की निजी जानकारी और स्वास्थ्य से जुड़े नमूनों का अवैध उपयोग कर रहा था। प्रिंसिपल ने मामले को गंभीर मानते हुए उसे मौके पर ही पकड़कर सुरक्षा कर्मियों की मदद से स्वरूप नगर थाना पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके नेटवर्क में शामिल प्राइवेट अस्पतालों, पैथोलॉजी लैब और सहयोगियों के बारे में जानकारी जुटा रही है। पुलिस की मानें तो शुरुआती पूछताछ से संकेत मिल रहे हैं कि यह कोई अकेला व्यक्ति नहीं बल्कि एक संगठित गिरोह है जो लंबे समय से सरकारी अस्पताल के भीतर सक्रिय था। प्रिंसिपल की इस तेजी और सख्त कार्रवाई के बाद अस्पताल परिसर में सक्रिय दलालों में हड़कंप मच गया है। अस्पताल प्रशासन ने घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने, बाहरी व्यक्तियों पर निगरानी बढ़ाने और मरीज मार्गदर्शन प्रणाली को मजबूत करने के निर्देश जारी किए हैं। यह कार्रवाई अस्पताल में पारदर्शिता और मरीज हित में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
हैलट अस्पताल में कमीशनखोरी रैकेट का पर्दाफाश, प्रिंसिपल ने निरीक्षण में दलाल को रंगे हाथ पकड़ा