कम वेतन और कटौती से भड़के JTN कर्मचारी, कल्याणपुर में कूड़ा कलेक्शन ठप

कानपुर। कल्याणपुर क्षेत्र के आवास-विकास नंबर तीन में डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने का काम बुधवार को पूरी तरह ठप रहा। JTN सर्विसेज के ड्राइवरों, हेल्परों और सुपरवाइज़रों ने वेतन में बढ़ोतरी न होने, मनमानी कटौती और खराब व्यवहार के खिलाफ काम रोककर डंपिंग प्वाइंट पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि वे पिछले 7–8 वर्षों से लगातार सेवा दे रहे हैं, लेकिन न वेतन बढ़ा, न ही कोई मूलभूत सुविधा मिली।
कर्मचारियों ने बताया कि वर्तमान समय में ड्राइवरों को ₹7,500, हेल्परों को ₹6,500 और सुपरवाइज़र को केवल ₹10,000 वेतन दिया जाता है। सबसे गंभीर आरोप यह है कि इस मामूली वेतन में भी हर महीने ₹1,000 तक की कटौती कर ली जाती है। छुट्टी लेने पर पूरा वेतन काट लिया जाता है, जबकि कोई स्पष्ट नियम भी नहीं बताया जाता।कर्मचारियों का आरोप है कि एरिया इंचार्ज पूजा पांडे उनकी समस्याओं पर बात करने पर डांट-फटकार लगाती हैं और धमकाती भी हैं। प्रदर्शनकारियों ने यह भी दावा किया कि काम के दौरान चोट लगने या दुर्घटना होने पर कंपनी की ओर से कोई उपचार उपलब्ध नहीं कराया जाता, जिससे घायलों को अपना इलाज खुद कराना पड़ता है।
विरोध के बाद कर्मचारियों ने अपनी शिकायतों व मांगों को लेकर जिलाधिकारी कानपुर को एक लिखित आवेदन सौंपा है। उनकी प्रमुख मांगें इस प्रकार हैं—

1. एरिया इंचार्ज पूजा पांडे को तत्काल पद से हटाया जाए।

2. वेतन में हो रही मनमानी कटौती तत्काल बंद की जाए।

3. कर्मचारियों के लिए बीमा, पीएफ जैसी सामाजिक सुरक्षा सुविधाएँ लागू की जाएँ।

कर्मचारियों के प्रदर्शन और काम बंद होने से क्षेत्र में सफाई व्यवस्था बाधित होने की आशंका बढ़ गई है। स्थानीय लोगों में भी चिंता है कि यदि मामला जल्द न सुलझा तो आवास-विकास की स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित होगी।
पूरा प्रकरण कल्याणपुर क्षेत्र में चर्चा का केंद्र बना हुआ है, और अब निगाहें जिला प्रशासन पर टिक गई हैं कि कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद