पुलिस ने अंतर्राज्यीय कार चोर गिरोह पकड़ा, 5 लग्जरी कारें बरामद

कानपुर। पुलिस कमिश्नरेट कानपुर ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतर्राज्यीय स्तर पर सक्रिय शातिर कार चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर चोरी की पाँच लग्जरी कारें बरामद की हैं। यह कार्रवाई पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल के निर्देश तथा डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी के नेतृत्व में संचालित विशेष अभियान का हिस्सा थी।
हाल ही में गोविंद नगर थाना क्षेत्र से तीन कारें चोरी होने के बाद पुलिस टीम ने घटनाओं की गहन तकनीकी व पारंपरिक जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को एक अंतर्राज्यीय गिरोह के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले। इसके बाद थाना प्रभारी रिकेश कुमार सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने सर्विलांस सेल के साथ मिलकर कार्रवाई करते हुए चार आरोपितों को दबोच लिया।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह गिरोह चोरी की कारों को बिहार के नालंदा निवासी राजकुमार नामक व्यक्ति को औने-पौने दामों पर बेचता था। राजकुमार इन चोरी की गाड़ियों का इस्तेमाल बिहार में अवैध शराब तस्करी के लिए करता था। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को खंगालते हुए आगे जांच कर रही है।
गिरफ्तार चोरों की निशानदेही पर कुल पाँच लग्जरी कारें बरामद की गई हैं। पुलिस का मानना है कि इस गिरोह की गिरफ्तारी से शहर में वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण होगा। डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने प्रेस वार्ता कर इस कार्रवाई की जानकारी दी और पूरी टीम की सराहना की।
कार्रवाई में शामिल टीम में प्रभारी निरीक्षक रिकेश कुमार सिंह, अतिरिक्त प्रभारी अभय कुमार सिंह, उप निरीक्षक विमल प्रताप सिंह, उप निरीक्षक अमित फौजदार, उप निरीक्षक मनीष कुमार (चौकी प्रभारी, रतनलाल नगर) और हेड कांस्टेबल विकास चौहान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने बताया कि आरोपितों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है तथा गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद