देश की मशहूर पान मसाला कंपनियों कमला पसंद और राजश्री के मालिक कमल किशोर की बहू दीप्ति चौरसिया (40) ने दिल्ली के बसंत विहार स्थित घर में आत्महत्या कर ली। मंगलवार शाम उनका शव दुपट्टे से पंखे पर लटका मिला। पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला, जिसमें लिखा था— “प्यार नहीं, भरोसा नहीं… अब और नहीं सहन हो पाता। बेटे को मां का आशीर्वाद।”
कमल किशोर मूल रूप से कानपुर के रहने वाले हैं। दीप्ति की शादी 2010 में कमल किशोर के बेटे हरप्रीत चौरसिया से हुई थी। दंपती का 14 साल का बेटा है। जानकारी के मुताबिक हरप्रीत ने दूसरी शादी भी की है, उनकी दूसरी पत्नी दक्षिण भारतीय फिल्मों की एक्ट्रेस बताई जाती हैं।
दीप्ति के भाई ऋषभ ने ANI को बताया कि बहन शादी के बाद से लगातार प्रताड़ना झेल रही थी। उनका आरोप है कि जीजा हरप्रीत के कई अवैध संबंध थे और सास भी मारपीट करती थी। 2011 में बच्चे के जन्म के बाद भी स्थिति नहीं बदली। उन्होंने कहा— “मुझे नहीं पता मेरी बहन की हत्या हुई या उसने आत्महत्या की, पर हमें न्याय चाहिए।”
कमला पसंद ब्रांड की शुरुआत कानपुर में हुई थी। 1973 में कंपनी रजिस्टर्ड हुई और 1980 के दशक में पान मसाला-गुटखा का बड़ा व्यापार शुरू हुआ। आज कंपनी का टर्नओवर अरबों में है और इलायची, तंबाकू, FMCG, रियल एस्टेट और लोहा उद्योग तक इसका विस्तार हो चुका है। ब्रांड का मालिकाना हक KP ग्रुप और कमलाकांत कंपनी के पास है।
फैमिली एडवोकेट राजेंद्र सिंह ने मीडिया में लगाए जा रहे आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि सुसाइड नोट में किसी का नाम नहीं है। उन्होंने कहा— “दोनों परिवारों के लिए बड़ा नुकसान है। अंतिम संस्कार दोनों पक्षों की मौजूदगी में होगा। पुलिस जांच में हम पूरा सहयोग कर रहे हैं।”
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।