संवाददाता मनीष गुप्ता
कानपुर। कल्याणपुर क्षेत्र में अवैध हॉस्पिटलों और क्लीनिकों का जाल तेजी से फैलता जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, स्थिति इतनी चिंताजनक हो चुकी है कि कई जगहों पर बिना किसी मेडिकल योग्यता, लाइसेंस या पंजीकरण के अस्पताल खोले गए हैं। हैरानी की बात यह है कि कुछ लोगों ने तो अपने घर को ही अस्पताल के रूप में बदल दिया है, जहाँ मरीजों का इलाज और विभिन्न जांचें कराए जाने जैसी गतिविधियाँ खुलेआम जारी हैं।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि इन अवैध संस्थानों में न तो योग्य चिकित्सक हैं, न ही जरूरी उपकरणों और सुरक्षा मानकों का पालन किया जाता है। कई मरीजों को गलत इलाज और लापरवाही का सामना भी करना पड़ रहा है। लेकिन शिकायतों के बावजूद संबंधित विभागों की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई न होने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
नागरिकों ने जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग से सख्त कदम उठाने, ऐसे अनियमित हॉस्पिटलों की जांच कराने और बिना अनुमति संचालित संस्थानों पर तुरंत कार्रवाई की मांग की है, ताकि बिना प्रमाणिकता वाले इलाज से लोगों की जान जोखिम में न पड़े।