कानपुर। बाल दिवस के अवसर पर कानपुर मेट्रो ने आज मेट्रो ट्रेन के अंदर एक विशेष पठन सत्र का आयोजन किया, जिसमें करीब 160 बच्चों ने भाग लिया। कार्यक्रम में बाल साहित्यकार एवं खालसा गर्ल्स इंटर कॉलेज, गोविंद नगर की प्रधानाचार्या सुश्री हरमीत कौर ने बच्चों के साथ संवाद करते हुए अपनी पुस्तकों के अंश पढ़कर सुनाए।
कार्यक्रम दो पालियों में आयोजित हुआ।
पहली पाली में इंटरनेशनल सेंटर इंग्लिश स्कूल के छात्र एलएलआर अस्पताल स्टेशन से कानपुर सेंट्रल तक मेट्रो यात्रा पर निकले। यात्रा के दौरान लेखिका ने अपनी पुस्तक ‘एडवेंचर्स ऑफ रूप’ के अंश पढ़े और बच्चों को पढ़ने की आदत विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
दूसरी पाली में बीएसवीएम एजुकेशन सेंटर के छात्रों ने मोतीझील से आईआईटी कानपुर तक मेट्रो राइड की, जिसमें लेखिका ने अपनी पुस्तक ‘रानी लक्ष्मीबाई ऑफ झांसी’ से प्रेरणादायक प्रसंग सुनाए।
सत्र के दौरान बच्चों को मेट्रो की सुविधाओं, संचालन प्रक्रिया, यात्रा नियमों और विशेषकर दिव्यांगजनों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के अंत में बच्चों को कुकीज वितरित की गईं।
यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने कहा,
“इस पठन सत्र का उद्देश्य बचपन से ही पुस्तक पढ़ने की आदत को बढ़ावा देना है, ताकि बच्चे कल्पनाशक्ति और सोच में विस्तार कर सकें।”