मनीष गुप्ता
कानपुर।
गुजैनी कस्टम गेट के ठीक सामने स्थित श्री ओमकारेश्वर हॉस्पिटल का बुधवार को भव्य उद्घाटन किया गया। यह अस्पताल आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं से सुसज्जित है और मरीजों को एक ही छत के नीचे सभी प्रकार की चिकित्सीय सेवाएँ उपलब्ध कराएगा।
अस्पताल के संचालक डॉ. बी. बी. सिंह ने बताया कि, “पिछले पाँच वर्षों से हम किराए के भवन में अस्पताल संचालित कर रहे थे। जनता के सहयोग, आशीर्वाद और भरोसे के चलते आज हम अपनी निजी बिल्डिंग में मरीजों की सेवा करने जा रहे हैं। हमारी प्राथमिकता हमेशा से यही रही है कि मरीजों को कम खर्च में सही और सच्चा इलाज उपलब्ध कराया जाए।”
डॉ. सिंह ने यह भी कहा कि अस्पताल में अत्याधुनिक मशीनें, पैथोलॉजी लैब, एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड, ईसीजी, इमरजेंसी सेवा और जनरल वार्ड की सुविधाएँ मौजूद हैं। साथ ही 24 घंटे डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ की टीम मरीजों की सेवा में तत्पर रहेगी।
उद्घाटन कार्यक्रम में डॉ. सी. कुशवाहा, पैरामेडिकल स्टाफ, समाजसेवी और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने अस्पताल के उद्घाटन पर डॉ. बी. बी. सिंह को बधाई दी और कहा कि इससे क्षेत्र के लोगों को किफायती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएँ मिलेंगी।