कानपुर – कानपुर महानगर में विकास की रफ्तार को नई ऊँचाई देने और शहरवासियों को जाम की समस्या से राहत दिलाने के उद्देश्य से, ₹60 करोड़ की लागत से निर्मित जयपुरिया क्रॉसिंग नव-सेतु का भव्य शुभारंभ हुआ।
सांसद रमेश अवस्थी ने इस नव-सेतु का उद्घाटन करते हुए इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की “डबल इंजन सरकार” की विकास यात्रा का प्रतीक बताया।
उद्घाटन समारोह में सांसद अवस्थी ने सम्मानित नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में नव-सेतु को जनता को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि “यह नव-सेतु केवल एक पुल नहीं, बल्कि कानपुर के सुगम और सुरक्षित भविष्य की दिशा में एक मजबूत कदम है। यह प्रधानमंत्री मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास’ के संकल्प और मुख्यमंत्री योगी की त्वरित निर्णय क्षमता का साकार उदाहरण है।”
सांसद अवस्थी ने अपने संबोधन में कहा कि डबल इंजन की सरकार के नेतृत्व में कानपुर का कायाकल्प हो रहा है।
उन्होंने कहा, “मोदी जी के नेतृत्व में देश और योगी जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश विकास के नए आयाम छू रहा है। कानपुर अब सिर्फ औद्योगिक नहीं, बल्कि आधुनिक शहरी विकास का केंद्र भी बन रहा है। जयपुरिया क्रॉसिंग पर बना यह सेतु आने वाले वर्षों में ट्रैफिक जाम की समस्या से स्थायी राहत देगा और आमजन को सहज आवागमन की सुविधा प्रदान करेगा।”
उन्होंने बताया कि लंबे समय से यह परियोजना अधर में लटकी थी, लेकिन योगी सरकार ने इसे प्राथमिकता देते हुए रिकॉर्ड समय में पूर्ण कराया। यह सेतु अब न केवल दक्षिण और पश्चिम कानपुर के बीच सुगम संपर्क स्थापित करेगा, बल्कि आर्थिक गतिविधियों को भी गति देगा।
सांसद अवस्थी ने कहा कि “कानपुर का भविष्य अब उज्जवल दिशा में बढ़ रहा है। नए पुल, चौड़ी सड़कों, रिवरफ्रंट, और मेट्रो जैसी योजनाएं यह प्रमाण हैं कि डबल इंजन की सरकार केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं, बल्कि धरातल पर विकास का कार्य कर रही है।”
उद्घाटन कार्यक्रम में क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल, महिला कल्याण निगम की अध्यक्ष कमलावती सिंह, पूर्व मंत्री एवं पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्ष बालचंद्र मिश्रा, पूर्व विधायक रघुनंदन सिंह भदौरिया, महिला आयोग की सदस्य अनीता गुप्ता, जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह, जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी सुरेश अवस्थी सहित अनेक गणमान्य नागरिक, भाजपा पदाधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
सभी अतिथियों ने इस परियोजना के सफल निर्माण के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और सांसद रमेश अवस्थी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान पुल पर रिबन काटकर शुभारंभ किया गया तथा दीप प्रज्ज्वलन के बाद पटाखों और फूल वर्षा से उद्घाटन समारोह को उत्सव में बदल दिया गया।