पानी भरने को लेकर झगड़ा हिंसा में बदल गया, दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर शिकायत दर्ज कराई
कानपुर,
कानपुर के अनवरगंज थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद ने बेहद हिंसक रूप ले लिया। एक मामूली कहासुनी ने यहां एक पति-पत्नी के बीच विवाद को गंभीर घटना में बदल दिया। पानी भरने को लेकर शुरू हुआ विवाद इस कदर बढ़ गया कि पत्नी ने गुस्से में पति पर हमला कर दिया और उसके कान को दांतों से काट लिया। इस हमले में पति गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना लाटूश रोड खटिकाना इलाके में हुई। पीड़ित अमित सोनकर, जो एक स्थानीय सब्जी व्यापारी हैं, ने बताया कि मंगलवार सुबह पानी भरने के सिलसिले में उनकी पत्नी बिल्लो उर्फ सारिका से बहस हुई। बात इतनी बढ़ गई कि मारपीट शुरू हो गई और गुस्से में पत्नी ने उनके कान पर दांत से हमला कर दिया। अमित के मुताबिक, इस दौरान उनके हाथ पर किसी धारदार वस्तु से चोट भी आई।
अमित सोनकर और सारिका की शादी आठ साल पहले प्रेम विवाह के रूप में हुई थी। शुरुआती वर्षों में दोनों का संबंध सामान्य था, लेकिन समय के साथ उनके बीच मतभेद और अनबन बढ़ती गई। विवाद इतना बढ़ा कि मामला तलाक तक पहुँच गया और वर्तमान में यह कोर्ट में विचाराधीन है।
हमले के बाद घायल अमित सीधे अनवरगंज थाने पहुँचे और पत्नी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने उन्हें मेडिकल जांच के लिए भेजा। इस मामले में नया मोड़ तब आया जब पत्नी सारिका ने भी पति के खिलाफ मारपीट का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई।
एसीपी अनवरगंज अभिषेक कुमार राहुल ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायतों पर मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। मामले की गहनता से पड़ताल की जा रही है और जांच के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।