कानपुर। चकेरी थाना क्षेत्र के मथुरापुर गांव के पास सड़क किनारे एक युवक का जला हुआ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने सुबह यह देखकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। प्रारंभिक जांच में पुलिस का मानना है कि युवक की हत्या करने के बाद उसकी पहचान छिपाने के लिए शव को जलाया गया और फिर बोरी में भरकर सड़क किनारे फेंक दिया गया।
डीसीपी ईस्ट सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि शव के पास साड़ी पाई गई है, जिससे मर्डर की आशंका जताई जा रही है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच में पुलिस की दो टीमें लगी हुई हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
चकेरी थाना प्रभारी संतोष शुक्ला ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस उसकी पहचान कर रही है और मर्डर केस का खुलासा करने के लिए हर सम्भव कदम उठा रही है
सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की तलाश भी जारी है। डीसीपी सत्यजीत गुप्ता ने कहा कि घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज से देर रात से सुबह तक आने-जाने वाले संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की जांच की जा रही है। पुलिस और सर्विलांस टीम मिलकर तेजी से मर्डर केस की गुत्थी सुलझाने में जुटी हैं।