कन्या पूजन की परंपरा में इस बार अनन्या मिश्र को मिला सौभाग्य
कानपुर।
प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी शारदीय नवरात्रि की प्रतिपदा तिथि पर, माता श्री वैभव लक्ष्मी मंदिर में 251 किलो घी की अखंड ज्योति प्रज्वलित की गई। पहले दिन से ही मंदिर परिसर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। माता के दरबार में दर्शन हेतु आए श्रद्धालुओं का मुख्य आकर्षण इस अखंड ज्योति का दर्शन रहा।
नवरात्रि के पूरे 9 दिन तक यह अखंड ज्योति प्रज्वलित रहेगी। मान्यता है कि जो भक्त इसमें घी अर्पित करता है, उसके भंडार सदा भरे रहते हैं। परंपरा के अनुसार ज्योति का प्रज्वलन किसी कन्या के कर कमलों से कराया जाता है। इसके लिए भक्त अपनी-अपनी कन्याओं के नाम मंदिर समिति को भेजते हैं और भगवती के सामने पर्ची निकालकर चुनी गई कन्या द्वारा ज्योति प्रज्वलित कराई जाती है। इस बार पर्ची में निकला नाम अनन्या मिश्र का रहा। उनके माता-पिता ने इसे जीवन का परम सौभाग्य बताया। मंदिर अध्यक्ष आनंद कपूर एवं उपाध्यक्ष करन रामानुज दास ने बताया कि माता की ज्योति का घी चर्म रोग एवं नेत्र रोग जैसे कष्टों को दूर करने में भी सहायक होता है।