कानपुर—मानव उत्थान सेवा समिति के तत्वाधान में श्री हंस मंदिर श्याम नगर बाईपास पर सतपाल महाराज का जन्मोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर शोभायात्रा और सत्संग-ध्यान कार्यक्रम का आयोजन हुआ।
शोभायात्रा का शुभारंभ मंदिर प्रभारी साध्वी चंदन बाई और साध्वी दुर्गा बाई ने झंडी दिखाकर किया। इसमें सैकड़ों भक्त शामिल हुए और आत्मज्ञान व शांति के संदेश वाले नारे लगाए।
साध्वी चंदन बाई ने कहा कि मन की निर्मलता केवल सद्गुरु के आध्यात्मिक ज्ञान और ध्यान-सुमिरन के अभ्यास से संभव है। तभी जीवन में शांति और परमात्मा का साक्षात्कार मिलता है।
कार्यक्रम में पुलिस योजना निदेशक डॉ. के.एन. सिंह सहित अनेक भक्तों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की और प्रेम, भाईचारे तथा आध्यात्मिक जागरूकता का संदेश दिया।