कानपुर। गंगा बैराज क्षेत्र में भीषण जलभराव और लगातार बारिश के बीच आरोग्यधाम की टीम ने नि:शुल्क होम्योपैथिक चिकित्सा शिविर लगाया। इस दौरान डेंगू, चिकनगुनिया, टायफाइड, वायरल फीवर, डायरिया, दस्त-उल्टी, दाद-खाज-खुजली, जोड़ों के दर्द, उच्च रक्तचाप व कमजोरी जैसी बीमारियों से पीड़ित 900 से अधिक मरीजों को दवाएं वितरित की गईं।
आरोग्यधाम के वरिष्ठ होम्योपैथिक फिजिशियन डॉ. हेमंत मोहन व डॉ. आरती मोहन ने बताया कि कैंप में मरीजों को रक्तचाप व शुगर की जांच के साथ लक्षणों के आधार पर उच्च गुणवत्ता वाली होम्योपैथिक दवाएं दी गईं। उनका दावा है कि डेंगू, चिकनगुनिया और वायरल फीवर जैसे रोगों में मरीजों को 2 दिन में राहत मिल रही है और अस्पताल में भर्ती की आवश्यकता नहीं पड़ती।
शिविर का उद्घाटन यूपीसीए वर्गी सदस्य एवं समाजसेवी सचिन आनंद शुक्ला, वरिष्ठ शिक्षक महेश मिश्रा, आजाद सिपाही किशन लाल और हरिश्चंद्र गौतम ने आरोग्यधाम के संस्थापक स्व. रेवती रमण मोहन की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर व दीप प्रज्वलित कर किया। यह शिविर पिछले 15 वर्षों से लगातार गंगा बैराज तट पर लगाया जा रहा है।
कैंप में राहुल शर्मा, पूजा सिंह, शुभम शर्मा, ऐश्वर्या सिंह, आदित्य मिश्रा, राहुल निषाद, संदीप कुमार, जयप्रकाश, शिवप्रसाद, मुन्ना, राहुल समेत अनेक लोग मौजूद रहे। दवाएं मिलने के बाद मरीजों ने आरोग्यधाम टीम का आभार जताया और कहा कि ऐसे सेवा शिविर बहुत कम देखने को मिलते हैं।