,
मनीष गुप्ता
कानपुर।
शहर के कैंट बोर्ड क्षेत्र में आवारा मवेशियों की समस्या लगातार विकराल रूप लेती जा रही है। माल रोड से किदवई नगर की ओर जाने वाले वीआईपी मार्ग पर स्थित शिव नारायण टंडन सेतु के पास प्रतिदिन दर्जनों मवेशियों का झुंड सड़क पर देखा जा रहा है, जिससे क्षेत्र की यातायात व्यवस्था गंभीर रूप से प्रभावित हो रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, मवेशियों के बीच सड़क पर बैठे रहने के कारण वाहनों की आवाजाही बाधित हो रही है। इससे न केवल ट्रैफिक जाम की समस्या उत्पन्न हो रही है, बल्कि सड़क हादसों की आशंका भी लगातार बनी हुई है। उल्लेखनीय है कि इस मार्ग पर कई स्कूल, अस्पताल और व्यावसायिक प्रतिष्ठान स्थित हैं, जिसके चलते दिनभर वाहनों की आवाजाही रहती है। नागरिकों ने कैंट बोर्ड प्रशासन से मांग की है कि आवारा मवेशियों को तुरंत हटाकर उनके पुनर्वास के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं, जिससे सड़कें सुरक्षित और सुगम बन सकें। हालांकि सरकार द्वारा कैंट क्षेत्र के विकास के लिए हर साल बजट पारित किया जाता है, लेकिन स्थानीय लोगों का आरोप है कि आला अधिकारी और जनप्रतिनिधि विकास कार्यों को लेकर उदासीन बने हुए हैं। कैंट बोर्ड की लापरवाही के चलते न केवल यातायात बल्कि आम जनजीवन भी प्रभावित हो रहा है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस गंभीर समस्या पर कब तक संज्ञान लेता है और कोई ठोस कार्रवाई करता है या फिर यह समस्या यूं ही नागरिकों के लिए परेशानी का सबब बनी रहेगी।