कानपुर।
सावन की रिमझिम बूंदों के बीच भक्तों की आस्था भी उमड़ पड़ी है। 14 जुलाई को सावन का पहला सोमवार है और शिवालयों में हर-हर महादेव के जयघोष गूंजने को तैयार हैं। एडीएम सिटी डॉ. राजेश कुमार ने परमट स्थित प्राचीन आनंदेश्वर महादेव मंदिर का भ्रमण किया और भीड़ प्रबंधन की दृष्टि से आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने नगर निगम, एसीएम-4 और एसीपी कर्नलगंज सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ मंदिर परिसर और आस-पास की स्थिति का जायज़ा लिया। मंदिर के महंत जी से भेंट कर उनकी अपेक्षाएँ सुनी गईं और मंदिर में साफ-सफाई, पेयजल की उपलब्धता, बैरीकेडिंग, पीए सिस्टम, सुरक्षा व्यवस्था और एम्बुलेंस की तैनाती की आवश्यकता जताई गई। एडीएम सिटी ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को कहीं कोई परेशानी न हो, यह सुनिश्चित किया जाए और हर व्यवस्था समय से पहले पूरी होनी चाहिए। एडीएम सिटी ने सभी एसीएम और एसडीएम को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों के प्रमुख शिव मंदिरों और घाटों का स्वयं भ्रमण करें और आवश्यक प्रबंधों को अंतिम रूप दें।
सावन के प्रथम सोमवार के दृष्टिगत एडीएम सिटी ने आनंदेश्वर मंदिर का भ्रमण किया