22 नवंबर से पांच वर्ष तक के बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक, सीएमओ ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
कानपुर। जनपद में पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने और आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से जागरूकता रैली निकाली गई। काशीराम चिकित्सालय परिसर से मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने लोगों को पोलियो से बचाव के प्रति जागरूक करते हुए अभियान में सहयोग करने की अपील की। गौरतलब है कि जनपद में 22 नवंबर 2026 से पल्स पोलियो अभियान शुरू होने जा रहा है। इसके तहत पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। अभियान के प्रचार-प्रसार के लिए निकाली गई रैली काशीराम चिकित्सालय से शुरू होकर रामादेवी चौराहा होते हुए मनोज इंटरनेशनल तक पहुंची। इसके बाद वापस चिकित्सालय परिसर में आकर संपन्न हुई। रैली के दौरान लोगों को संदेश दिया गया कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए निर्धारित अभियान के दौरान उन्हें पोलियो की खुराक जरूर पिलाएं। इस मौके पर सीएमओ ने कहा कि पोलियो से बचाव के लिए प्रत्येक बच्चे को खुराक पिलाना बेहद जरूरी है। अभिभावक इस बात का विशेष ध्यान रखें कि पांच वर्ष तक का कोई भी बच्चा पोलियो की दवा पीने से छूटने न पाए। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों से भी अभियान में सक्रिय सहयोग करने की अपील की, जिससे जनपद में शत-प्रतिशत बच्चों तक स्वास्थ्य विभाग की पहुंच सुनिश्चित हो सके। रैली में डीटीओ, डीआईओ, एनयूएचएम नोडल अधिकारी, डीएसओ, अर्बन आरआई नोडल अधिकारी, एडीआईओ, डीपीएम, अर्बन हेल्थ कोऑर्डिनेटर और प्रोग्राम ऑफिसर जेएसआई अर्बन हेल्थ प्रोग्राम्स सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से अभियान को लेकर तैयारियां पूरी की जा रही हैं। अभियान के दौरान स्वास्थ्य टीमें आपसी समन्वय के साथ घर-घर और निर्धारित बूथों पर बच्चों तक पहुंचने का प्रयास करेंगी। विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं और पोलियो मुक्त भारत के संकल्प को मजबूत बनाने में अपनी भागीदारी निभाएं।