पोस्टमार्टम के बाद गांव पहुंचा 23 वर्षीय अनुज का शव, माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल
बकेवर (इटावा)। गुरुग्राम में हुए सड़क हादसे में इटावा जनपद के ग्राम सुनवर्षा निवासी 23 वर्षीय अनुज त्रिपाठी की मौत हो गई। इकलौते बेटे की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद अनुज का शव पैतृक गांव पहुंचा तो परिवार में चीख-पुकार मच गई। बेटे का शव देखते ही माता-पिता बदहवास हो गए। इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। ग्राम सुनवर्षा निवासी शंकर त्रिपाठी का 23 वर्षीय पुत्र अनुज त्रिपाठी गुरुग्राम में अपने पिता के साथ व्यापार करता था। सिकंदरपुर में उनका शंकर ग्लास हाउस के नाम से कारोबार है। परिजनों के मुताबिक, मंगलवार दोपहर अनुज दुकान के काम से स्कूटर लेकर निकला था। काम पूरा करने के बाद वापस लौटते समय डीएलएफ फेज-1 के पास किसी वाहन ने उसके स्कूटर में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अनुज गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन उसे तत्काल नारायण अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसका उपचार शुरू किया। हालांकि, तमाम प्रयासों के बावजूद बुधवार तड़के करीब तीन बजे चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। हरियाणा पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद बुधवार को शव गांव सुनवर्षा पहुंचा तो घर में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। अनुज अविवाहित था और अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। पूरा परिवार गुरुग्राम के बादशाहपुर स्थित मकान में रहता था। परिवार में दादा-दादी और ताऊ-ताई भी हैं। जिस बेटे के सहारे माता-पिता ने भविष्य के सपने संजोए थे, उसकी अचानक मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। जवान बेटे को खोने का दर्द परिवार के हर सदस्य के चेहरे पर साफ दिखाई दे रहा था। घटना के बाद से गांव में भी मातम पसरा हुआ है।