नशा मुक्ति आंदोलन की अनुमति नहीं मिलने पर ऑपरेशन विजय नाराज

20 नवंबर से इको गार्डन में अनिश्चितकालीन धरने का ऐलान, शराबबंदी कानून और पुनर्वास कोष बनाने की मांग

कानपुर। उत्तर प्रदेश को नशामुक्त बनाने और पूर्ण शराबबंदी लागू करने की मांग को लेकर ऑपरेशन विजय (बुराइयों के खिलाफ जंग) ने 20 नवंबर 2026 से लखनऊ के इको गार्डन में अनिश्चितकालीन शांतिपूर्ण धरना देने का ऐलान किया है। संगठन का आरोप है कि प्रस्तावित आंदोलन के लिए शासन और प्रशासन से अनुमति नहीं मिली है। इस पर संगठन ने नाराजगी जताते हुए मुख्यमंत्री और पुलिस आयुक्त लखनऊ को दोबारा पत्र भेजकर धरने की अनुमति मांगी है।
संगठन की ओर से इस संबंध में पहली बार 7 अक्टूबर 2026 को मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश और पुलिस आयुक्त लखनऊ को ज्ञापन भेजा गया था। इसके बाद 2 नवंबर को पहला अनुस्मारक भी भेजा गया, लेकिन संगठन के अनुसार कोई जवाब या अनुमति नहीं मिली। इसी क्रम में 12 नवंबर को मुख्यमंत्री को ज्ञापन संख्या Op Vijay/Up Govt/009 और पुलिस आयुक्त लखनऊ को ज्ञापन संख्या Op Vijay/Up Govt/010 के माध्यम से दूसरा अनुस्मारक भेजा गया। ऑपरेशन विजय की दो प्रमुख मांगें हैं। पहली, उत्तर प्रदेश विधानसभा में उत्तर प्रदेश पूर्ण नशा निषेध विधेयक-2026 पारित कर प्रदेश में पूर्ण शराबबंदी लागू की जाए। दूसरी, पिछले पांच वर्षों के आबकारी राजस्व से नशा मुक्ति एवं पीड़ित पुनर्वास कोष का गठन किया जाए, जिससे नशे से प्रभावित लोगों के उपचार और पुनर्वास की व्यवस्था हो सके। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट शिवमंगल सिंह (आईपी) ने कहा कि नशे के खिलाफ शांतिपूर्ण आंदोलन की अनुमति नहीं देना प्रदेशवासियों के हितों की अनदेखी है। संगठन का उद्देश्य कानून-व्यवस्था को प्रभावित करना नहीं, बल्कि जनस्वास्थ्य के मुद्दे पर सरकार का ध्यान आकर्षित करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठन अपने निर्णय पर अडिग है।वहीं, संगठन के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष एडवोकेट विजय प्रताप सिंह ने बताया कि 20 नवंबर से इको गार्डन में प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक धरना प्रस्तावित है। पहले चरण में 200 से 500 कार्यकर्ता शामिल होंगे। आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण, अहिंसक और गांधीवादी तरीके से किया जाएगा। संगठन ने कहा है कि प्रशासन के सभी दिशा-निर्देशों का पालन किया जाएगा और मांगे जाने पर आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराए जाएंगे। मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद