मुरे कंपनी पुल पर कार 25 फीट नीचे गिरी

कानपुर। कैंट क्षेत्र के मुरे कंपनी पुल पर शनिवार देर रात तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर करीब 25 फीट नीचे कैंटोनमेंट की सड़क पर जा गिरी। हादसे में कार सवार दो युवक अंदर फंस गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि जिस सड़क पर कार गिरी, उस समय वहां वाहनों की आवाजाही बंद थी। ऐसे में बड़ा हादसा टल गया।
रविवार सुबह करीब 10:30 बजे स्थानीय लोगों ने पुलिस को घटना की सूचना दी। कैंट थाना प्रभारी अरविंद राय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। कार के चारों एयरबैग खुल चुके थे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से रेलबाजार निवासी अमित (25) और अविनाश (27) को क्षतिग्रस्त कार से बाहर निकाला। अमित को गंभीर चोटें आईं, जबकि अविनाश को मामूली चोट लगी।
दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। बाद में अमित के परिजन उसे एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उसका उपचार चल रहा है। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

सुरक्षा रेलिंग को लेकर सवाल

मुरे कंपनी पुल पर हुए हादसे ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस स्थान से कार नीचे गिरी, वहां पुल से सड़क तक काफी ऊंचाई है। बताया जा रहा है कि यहां सुरक्षा रेलिंग टूटने के बाद दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुल के इस हिस्से पर मजबूत सुरक्षा इंतजाम किए जाने की जरूरत है।
खास बात यह है कि इसी स्थान से करीब 30 मीटर पहले नौ जुलाई को भी एक हुंडई वेन्यू कार अनियंत्रित होकर नीचे जा गिरी थी। उस हादसे में किसी को चोट नहीं आई थी। करीब दो महीने के भीतर इसी हिस्से में दूसरी कार के नीचे गिरने से स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, यदि नीचे की सड़क पर सामान्य दिनों की तरह वाहनों की आवाजाही हो रही होती तो कार किसी वाहन या राहगीर से टकरा सकती थी। इससे हादसा और गंभीर हो सकता था। पुलिस अब कार की रफ्तार, चालक से जुड़े तथ्यों और दुर्घटना के अन्य कारणों की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद