डॉक्टर की कुर्सी पर ड्राइवर, मरीजों को लिखी दवा

कांशीराम अस्पताल की ओपीडी का वीडियो वायरल, ईएमओ डॉ. रामकेश से मांगा गया स्पष्टीकरण

कानपुर। रामादेवी स्थित कांशीराम अस्पताल में मरीजों के इलाज और सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक युवक डॉक्टर की कुर्सी पर बैठकर मरीजों से बातचीत करने और उन्हें दवा लिखते नजर आ रहा है। दावा किया जा रहा है कि वीडियो में दिखाई दे रहा युवक ईएमओ पद पर तैनात डॉ. रामकेश का ड्राइवर देव है। मामला सामने आने के बाद अस्पताल प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना के समय डॉ. रामकेश कोर्ट में एविडेंस के लिए पेशी पर गए थे। इसी दौरान कथित तौर पर उनका ड्राइवर ओपीडी कक्ष में मौजूद था। वायरल वीडियो में युवक मरीजों से बातचीत करने के साथ उन्हें दवा लिखता दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद अस्पताल प्रशासन में हलचल मच गई। मरीजों के इलाज से जुड़ा मामला होने के कारण अस्पताल प्रशासन ने इसकी जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।
कांशीराम अस्पताल के सीएमएस डॉ. पीयूष मिश्रा के अनुसार, 14 सितंबर की शाम वीडियो उनके संज्ञान में आया था। इसके बाद 15 सितंबर की सुबह अस्पताल में चेकिंग कराई गई, लेकिन उस समय कोई बाहरी व्यक्ति वहां नहीं मिला। सीएमएस के मुताबिक, डॉ. रामकेश से पूछताछ की गई तो उन्होंने बताया कि वह कोर्ट में पेशी पर गए थे। वीडियो में दवा लिखते दिखाई दे रहे युवक के बारे में उन्होंने उसे अपना ड्राइवर बताया।
अस्पताल प्रशासन ने डॉ. रामकेश से पूरे मामले में स्पष्टीकरण मांगा है। सीएमएस ने चेतावनी दी है कि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा सामने आने पर संबंधित डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर एफआईआर दर्ज कराने के साथ शासन को भी रिपोर्ट भेजी जाएगी।
फिलहाल वायरल वीडियो की वास्तविकता, उसमें दिखाई दे रहे युवक की पहचान और मरीजों को दवा लिखने की अनुमति उसे किस आधार पर मिली थी, इन सभी बिंदुओं पर स्थिति स्पष्ट नहीं है। जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविकता सामने आ सकेगी।

डॉक्टर की गैरमौजूदगी में किसने संभाली ओपीडी

मामले में सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब डॉ. रामकेश कोर्ट में पेशी पर गए थे, तब ओपीडी में मरीजों का इलाज कौन कर रहा था। क्या युवक को मरीजों से बातचीत करने और दवा लिखने की अनुमति दी गई थी? यदि अनुमति नहीं थी तो वह डॉक्टर की कुर्सी पर बैठकर यह काम कैसे कर रहा था? अस्पताल प्रशासन की जांच में इन सवालों के जवाब तलाशे जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद