यू-ट्यूबर समेत 10 के खिलाफ मुकदमा, डीसीपी के आदेश पर हनुमंत विहार पुलिस ने की कार्रवाई
कानपुर। हनुमंत विहार क्षेत्र के खाड़ेपुर में प्लॉट पर कब्जे का विरोध करने पर एक वृद्धा से मारपीट, कपड़े फाड़ने और सात लाख रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप लगा है। पीड़िता की शिकायत पर डीसीपी दक्षिण के आदेश से हनुमंत विहार पुलिस ने यू-ट्यूबर समेत 10 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।अर्रा गांव निवासी वृद्धा के मुताबिक, उनके दामाद, जो एटा के रहने वाले हैं, का खाड़ेपुर में करीब 60 वर्गगज का प्लॉट है। वह प्लॉट की देखभाल करती हैं। आरोप है कि 29 जून को आयुष साहू, उसके पिता रविंद्र साहू, सरिता साहू, दीपक साहू, उपेंद्र प्रताप सिंह उर्फ बाबा ठाकुर, यू-ट्यूबर गौरव कुशवाहा और चार अज्ञात लोग प्लॉट पर पहुंचे और कब्जा कर निर्माण शुरू कर दिया।पीड़िता ने बताया कि जानकारी मिलने पर वह मौके पर पहुंचीं और निर्माण का विरोध किया। आरोप है कि इस पर आरोपितों ने गाली-गलौज करते हुए सात लाख रुपये की रंगदारी मांगी और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट के दौरान उनके कपड़े भी फाड़ दिए गए। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपित जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले।पीड़िता का आरोप है कि स्थानीय पुलिस से शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने डीसीपी दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी से शिकायत की। हनुमंत विहार थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर रंगदारी, लज्जा भंग समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।