कानपुर। कानपुर सेंट्रल स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने डॉग स्क्वॉड के साथ सघन सुरक्षा जांच अभियान चलाया। सहायक सुरक्षा आयुक्त, कानपुर के निर्देशन में आरपीएफ कानपुर सेंट्रल, क्राइम ब्रांच और आरपीएफ टीम ने स्टेशन परिसर में फ्लैग मार्च भी किया।
अभियान के दौरान डॉग स्क्वॉड की मदद से पार्सल घर, पोर्टिको, बस पार्किंग, प्रतीक्षालय, प्लेटफॉर्म समेत अन्य संवेदनशील स्थानों की गहन जांच की गई। संदिग्ध व्यक्ति और वस्तुओं पर विशेष नजर रखी गई। सुरक्षा मानकों की भी जांच की गई।आरपीएफ अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को यात्रियों की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने के निर्देश दिए। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल उच्चाधिकारियों और संबंधित एजेंसियों को देने को कहा गया। आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षित और निर्बाध रेल यात्रा सुनिश्चित करने के लिए इस तरह के सुरक्षा अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
डॉग स्क्वॉड के साथ आरपीएफ ने खंगाला कानपुर सेंट्रल