कानपुर। रावतपुर थाना क्षेत्र के सुरेंद्र नगर में रीढ़ की गंभीर बीमारी से लंबे समय से जूझ रही 26 वर्षीय विवाहिता ने कथित रूप से जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। इलाज के दौरान बुधवार सुबह उसकी मौत हो गई। कमरे से तीन पेज का सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसमें उसने असहनीय दर्द, बीमारी से टूट चुके मन और परिवार पर बोझ नहीं बनने की बात लिखी है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, सुरेंद्र नगर निवासी शिवम शुक्ला रेलवे में ग्रुप-डी कर्मचारी हैं और वर्तमान में भोपाल में तैनात हैं। उनकी शादी करीब तीन वर्ष पहले कानपुर देहात के असालतगंज निवासी वैष्णवी उर्फ निक्की (26) से हुई थी। परिजनों के मुताबिक, वैष्णवी शादी से पहले से ही रीढ़ की हड्डी से जुड़ी गंभीर बीमारी से पीड़ित थीं और लगातार इलाज चल रहा था, लेकिन स्वास्थ्य में अपेक्षित सुधार नहीं हो सका। बताया गया कि वैष्णवी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी कर रही थीं। उन्होंने हाल ही में दिल्ली पुलिस कांस्टेबल की लिखित परीक्षा उत्तीर्ण की थी और जल्द ही उनका मेडिकल परीक्षण होना था। हालांकि लगातार बढ़ते दर्द के कारण वह मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगी थीं। पति शिवम ने पुलिस को बताया कि वह बुधवार सुबह करीब पांच बजे भोपाल से घर पहुंचे तो पत्नी कमरे में अचेत अवस्था में मिलीं। पास में तीन पन्नों का सुसाइड नोट रखा था। पड़ोसियों की मदद से उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दर्द और बेबसी से भरा मिला सुसाइड नोट
सुसाइड नोट में वैष्णवी ने लिखा कि वह लंबे समय से असहनीय दर्द झेल रही थीं और अब उसे सहन करना संभव नहीं था। उन्होंने लिखा कि वह परिवार पर बोझ नहीं बनना चाहती थीं और किसी को अपनी वजह से परेशान नहीं देखना चाहती थीं। उन्होंने अपने माता-पिता, पति और परिवार के अन्य सदस्यों से माफी मांगते हुए उनका ख्याल रखने की अपील की। नोट में उन्होंने यह भी लिखा कि उन्होंने हमेशा मुस्कुराकर जीवन जीने की कोशिश की, लेकिन बीमारी और लगातार बढ़ते दर्द ने उन्हें पूरी तरह तोड़ दिया। उन्होंने पति से क्षमा मांगते हुए लिखा कि वह साथ निभाने का वादा मजबूरी में तोड़ रही हैं और उम्मीद है कि परिवार उनके दर्द को समझेगा।
पुलिस जांच मे जुटी
रावतपुर थाना प्रभारी कमलेश राय ने बताया कि मृतका के कमरे से तीन पेज का सुसाइड नोट बरामद हुआ है। प्रथम दृष्टया मामला बीमारी से परेशान होकर आत्महत्या करने का प्रतीत होता है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।