कानपुर। आगामी भगवान जगन्नाथ रथयात्रा को लेकर बुधवार को आर्यनगर विधायक अमिताभ बाजपेई ने नगर निगम और केस्को के अधिकारियों के साथ जनरलगंज से निकलने वाले यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मार्ग पर कई स्थानों पर लटकते बिजली के तार, उखड़ी सड़कें, गड्ढे, अधूरा पैचवर्क, गंदगी और दीवारों व श्यामगंज चौराहे पर लगे पोस्टर देखकर विधायक अधिकारियों पर भड़क गए।उन्होंने कहा कि यात्रा में अब केवल एक दिन शेष है, जबकि इससे पहले कई वरिष्ठ अधिकारी भी मार्ग का निरीक्षण कर चुके हैं। इसके बावजूद आवश्यक कार्य पूरे न होना गंभीर लापरवाही है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।विधायक ने नगर निगम और केस्को के अधिकारियों को निर्देश दिए कि शोभायात्रा शुरू होने से पहले पूरे मार्ग को पूरी तरह दुरुस्त किया जाए। सभी गड्ढों की मरम्मत, लटकते बिजली के तारों को व्यवस्थित करने, सफाई कराने, अनावश्यक पोस्टर हटाने और यात्रा मार्ग को सुरक्षित व व्यवस्थित बनाने का कार्य युद्धस्तर पर तत्काल पूरा किया जाए।निरीक्षण के दौरान नगर निगम के अधिशासी अभियंता, अवर अभियंता तथा केस्को के अधिशासी अभियंता व अवर अभियंता सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। इस मौके पर ज्ञानू बिश्नोई, सौरभ गुप्ता, पार्षद रजत बाजपेई, चंकी गुप्ता, नारायण दीक्षित, विनोद पांडे, हर्ष नागवंशी, नरेश द्विवेदी, तनिष्क गुप्ता, संस्कार खरे, निखिल गुप्ता, पुण्य जैन, विक्की जायसवाल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
जगन्नाथ यात्रा मार्ग की बदहाल व्यवस्था पर भड़के विधायक अमिताभ बाजपेई, अफसरों को 24 घंटे में सुधार के निर्देश