मुरे कंपनी पुल के नीचे गिरी तेज रफ्तार कार

रेलिंग तोड़ते हुए पुल से नीचे जा गिरी हुंडई वेन्यू, कार के उड़े परखच्चे, पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी

कानपुर। कैंट थाना क्षेत्र स्थित मुरे कंपनी पर गुरुवार को एक तेज रफ्तार कार के अनियंत्रित होकर पुल से नीचे गिर जाने से हड़कंप मच गया। हादसा इतना भीषण था कि कार पुल की सुरक्षा रेलिंग तोड़ते हुए नीचे जा गिरी और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में किसी के गंभीर रूप से घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हुंडई वेन्यू कार तेज रफ्तार से टंडन सेतु की ओर जा रही थी। इसी दौरान चालक अचानक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा। तेज गति के कारण कार सीधे पुल की रेलिंग से टकराई और उसे तोड़ते हुए नीचे जा गिरी। नीचे गिरते ही कार के परखच्चे उड़ गए और आसपास तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हादसे की आवाज सुनकर आसपास मौजूद स्थानीय लोग तत्काल मौके पर पहुंचे। लोगों ने कार में सवार लोगों की मदद करने का प्रयास किया और तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कैंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर राहत एवं जांच कार्य शुरू किया।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर हादसे की प्रमुख वजह कार की तेज रफ्तार और चालक का वाहन पर नियंत्रण खो देना माना जा रहा है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि हादसे के समय कार में कितने लोग सवार थे, चालक की स्थिति क्या थी और दुर्घटना के पीछे कोई अन्य कारण तो नहीं था।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद दुर्घटना के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे। वहीं इस हादसे के बाद टंडन सेतु पर कुछ समय के लिए लोगों की भीड़ जुट गई, जिसे पुलिस ने हटाकर यातायात को सामान्य कराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद