कानपुर। गोविंद नगर विधानसभा क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में विधायक सुरेंद्र मैथानी ने सोमवार को दो महत्वपूर्ण विकास कार्यों का शिलान्यास किया। उन्होंने दो अलग-अलग वार्डों में स्थानीय लोगों की वर्षों पुरानी पेयजल समस्या के समाधान के लिए समरसेबल पंप स्थापित कराने हेतु विधि-विधान और मंत्रोच्चारण के बीच भूमि पूजन किया। इन दोनों परियोजनाओं पर कुल 3.52 लाख रुपये की लागत आएगी।
इस अवसर पर विधायक सुरेंद्र मैथानी ने कहा कि क्षेत्र के प्रत्येक नागरिक को स्वच्छ और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। गर्मी के मौसम में बढ़ती पानी की आवश्यकता को देखते हुए इन समरसेबल पंपों की स्थापना कराई जा रही है, जिससे संबंधित क्षेत्रों के लोगों को पेयजल संकट से राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि गोविंद नगर विधानसभा में विकास कार्य लगातार जारी हैं और जनता की हर छोटी-बड़ी समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है।
भूमि पूजन के दौरान स्थानीय लोगों ने विकास कार्यों पर खुशी जताते हुए विधायक का आभार व्यक्त किया। विशेष रूप से महिलाओं ने कहा कि समरसेबल पंप लगने के बाद उन्हें पानी की समस्या से काफी राहत मिलेगी। कार्यक्रम में पार्षद नीरज रक्सेल, मंडल अध्यक्ष अजय राय, अंकित जायसवाल, मोहन विश्वकर्मा, संतोष सिंह गोले, अरुण शर्मा, सरिता साहनी, मंजू देवी, रीता भदोरिया सहित भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।
गोविंद नगर में दो पेयजल परियोजनाओं का शिलान्यास