जलभराव क्षेत्रों का निरीक्षण करने पहुंचीं महापौर

कानपुर। शहर में लगातार हो रही बारिश के बाद उत्पन्न जलभराव की समस्या और सीसामऊ नाले की नव-निर्मित दीवार ढहने की घटना को लेकर महापौर प्रमिला पांडेय सोमवार को एक्शन मोड में नजर आईं। उन्होंने नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय एवं स्थानीय पार्षदों के साथ वीआईपी रोड स्थित सीसामऊ नाला, बकरमंडी और दीवार ढहने वाले स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान नाला सफाई कार्य में लापरवाही और नालों पर अवैध कब्जे मिलने पर उन्होंने अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई।
महापौर ने सीसामऊ नाले पर हाल ही में निर्मित दीवार के गिरने पर गहरी नाराजगी जताते हुए पूरे मामले की जांच कराने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित ठेकेदार की जिम्मेदारी तय कर उसके खिलाफ सख्त प्रशासनिक एवं कानूनी कार्रवाई करने को कहा। साथ ही निर्देश दिए कि दीवार का पुनर्निर्माण पूरी गुणवत्ता और मानकों के अनुरूप कराया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो।
निरीक्षण के दौरान टैफ्को क्षेत्र में नाले के ऊपर किए गए अवैध कब्जे भी महापौर के निशाने पर रहे। उन्होंने कहा कि नालों पर अतिक्रमण के कारण जल निकासी बाधित हो रही है, जिससे बरसात में शहर के कई हिस्सों में जलभराव की गंभीर समस्या पैदा हो रही है। उन्होंने अधिकारियों को अवैध कब्जे तत्काल हटाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
महापौर ने जिला प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि शहर की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि सरकारी भूमि और नालों पर कब्जा करने वालों के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई कराई जाएगी। साथ ही उन्होंने कहा कि शहर की समस्याओं के प्रति संवेदनहीनता बरतने वाले अधिकारियों की शिकायत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर की जाएगी और उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय, जलकल महाप्रबंधक आनंद कुमार त्रिपाठी, पार्षद अभिनव शुक्ला ‘गोलू’, सौरभ देव, मनीष मिश्रा, आकर्ष बाजपेयी, मोहम्मद उमर, पूर्व पार्षद गुंजन मिश्रा, जोन-4 के जोनल अधिकारी राजेश सिंह, अधिशाषी अभियंता मीनाक्षी अग्रवाल, जेडएसओ-4 मोहम्मद फहीम सहित नगर निगम और जलकल विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद