सब स्टेशन के लाइनमैन के साथ सहायक के रूप में कर रहा था काम, मौके पर गई जान; पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू की
कानपुर। सेन पश्चिम पारा थाना क्षेत्र के नगवा गुलाबपुर गांव में सोमवार को बिजली कार्य के दौरान करंट लगने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, युवक भारु सब स्टेशन में तैनात एक लाइनमैन के साथ सहायक के रूप में कार्य कर रहा था। इसी दौरान बिजली लाइन पर काम करते समय वह अचानक हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आ गया। करंट इतना तेज था कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। सूचना मिलने पर सेन पश्चिम पारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी गहनता से जांच की जा रही है। यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं युवक की असमय मौत से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।