सांसद रमेश अवस्थी की पहल बनी मिसाल, नन्हे विद्यार्थी ने किया भूमि पूजन और शिलापट्ट का अनावरण; आधुनिक शिक्षा की दिशा में विद्यालय को मिली नई सौगात
कानपुर। शिक्षा के क्षेत्र में बच्चों के आत्मविश्वास और सम्मान को बढ़ावा देने वाली एक प्रेरणादायी पहल परमट स्थित प्राथमिक विद्यालय में देखने को मिली। सांसद रमेश अवस्थी की सांसद निधि से बनने वाले नवीन कक्ष एवं स्मार्ट क्लास का शिलान्यास विद्यालय की कक्षा-1 के होनहार छात्र कुमार शिवांशु के हाथों कराया गया। कार्यक्रम की सबसे खास बात यह रही कि एक छोटे विद्यार्थी को मुख्य अतिथि बनाकर शिलान्यास की पूरी प्रक्रिया संपन्न कराई गई।
कार्यक्रम के दौरान कुमार शिवांशु ने विधि-विधान से भूमि पूजन किया, नारियल फोड़ा और रिमोट के माध्यम से शिलापट्ट का अनावरण कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस अनूठी पहल की उपस्थित लोगों ने जमकर सराहना की और इसे विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, सम्मान और नेतृत्व की भावना विकसित करने वाला कदम बताया। इस अवसर पर सांसद रमेश अवस्थी की ओर से शिवांशु को विद्यालयी बैग एवं शिक्षा उपयोगी सामग्री भेंट कर सम्मानित किया गया। विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने बताया कि सांसद रमेश अवस्थी पूर्व में भी विद्यार्थियों को स्कूल यूनिफॉर्म उपलब्ध करा चुके हैं और विद्यालय के विकास के लिए लगातार सहयोग कर रहे हैं। सांसद निधि से बनने वाला नया कक्ष और स्मार्ट क्लास बच्चों को आधुनिक तकनीक से युक्त गुणवत्तापूर्ण शिक्षण वातावरण उपलब्ध कराएगा। कार्यक्रम में अंगद सिंह, राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित डॉ. गिरीश मिश्रा, आर. नगर इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य राजन लाल, राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित प्रधानाचार्य संजय दुबे सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। इसके अलावा सुरेश अवस्थी, देवी दीन वर्मा, अशोक कुमार गुप्ता, राम सविता, हरिश्चंद्र कुरील, उपेंद्र शुक्ला, सत्येंद्र बाजपेई, अनसनी निषाद, संदीप पांडेय सहित बड़ी संख्या में अभिभावक और क्षेत्रीय नागरिक भी कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य और विद्यालय के सर्वांगीण विकास की कामना के साथ हुआ।