बर्रा एलिवेटेड रोड पर दर्दनाक हादसा, ड्यूटी पर जा रहे ट्रैफिक सिपाही समेत ट्रक चालक की मौत, दूसरा सिपाही गंभीर घायल

जाम खुलवाने जा रहे थे दोनों सिपाही, तेज रफ्तार ट्रक ने कुचला; कंटेनर से टकराने पर चालक की भी गई जान, पुलिस महकमे में शोक की लहर

कानपुर। बर्रा एलिवेटेड रोड पर सोमवार तड़के करीब चार बजे एक भीषण सड़क हादसे में ड्यूटी पर जा रहे ट्रैफिक पुलिस के एक सिपाही और ट्रक चालक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद पूरे पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। घायल सिपाही को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, बर्रा एलिवेटेड रोड पर तड़के भीषण जाम लगने की सूचना मिलने पर ट्रैफिक पुलिस के दो सिपाही जाम खुलवाने के लिए मौके पर जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में आगरा निवासी वर्ष 2018 बैच के ट्रैफिक सिपाही जितेंद्र कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बुलंदशहर निवासी सिपाही राकेश गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल कांशीराम अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से भागने का प्रयास कर रहा था, लेकिन कुछ ही दूरी पर उसका ट्रक अनियंत्रित होकर आगे चल रहे कंटेनर में पीछे से जा घुसा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक के केबिन के परखच्चे उड़ गए और चालक उसमें बुरी तरह फंस गया। उसकी भी मौके पर ही मौत हो गई। बाद में पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद चालक का शव केबिन से बाहर निकाला।
घटना की सूचना मिलते ही अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) डॉ. विपिन टाडा और डीसीपी ट्रैफिक रवींद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। हादसे के कारण एलिवेटेड रोड पर करीब दो घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्रेन की सहायता से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया।
पुलिस ने मृतक सिपाही जितेंद्र कुमार और ट्रक चालक के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद सिपाही जितेंद्र कुमार के पार्थिव शरीर को पुलिसकर्मियों ने पूरे सम्मान के साथ कंधा देकर पुलिस लाइन पहुंचाया, जहां उन्हें अंतिम सलामी दी गई। पुलिस हादसे के कारणों की जांच के साथ ट्रक चालक की पहचान और अन्य तथ्यों की भी पड़ताल कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद