सीएसजेएमयू के 41वें दीक्षांत समारोह में 1.07 लाख विद्यार्थियों को मिलेंगी डिग्रियां, छात्राओं का रहेगा दबदबा

9 जुलाई को राज्यपाल आनंदीबेन पटेल करेंगी अध्यक्षता, 96 में से 82 फीसदी पदक छात्राओं के नाम; मानद डी.लिट्., उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान और कई विकास परियोजनाओं का होगा लोकार्पण-शिलान्यास

कानपुर। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) का 41वाँ दीक्षांत समारोह 9 जुलाई 2026 को विश्वविद्यालय परिसर स्थित वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई सभागार में आयोजित होगा। समारोह की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल करेंगी, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में एआईसीटीई के चेयरमैन एवं दिल्ली विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. योगेश कुमार सिंह शामिल होंगे। उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय और राज्य मंत्री रजनी तिवारी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी।
कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने बताया कि इस वर्ष विश्वविद्यालय कुल 1,07,713 विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान करेगा। इनमें 57,348 छात्राएं (53.24 प्रतिशत) तथा 50,365 छात्र (46.75 प्रतिशत) शामिल हैं। इस बार भी शैक्षणिक उपलब्धियों में छात्राओं का दबदबा देखने को मिलेगा। 51 मेधावी छात्र-छात्राओं को कुल 96 पदक प्रदान किए जाएंगे, जिनमें 42 छात्राओं को 79 पदक (करीब 82 प्रतिशत) तथा केवल 9 छात्रों को 17 पदक मिलेंगे। वहीं 92 शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि प्रदान की जाएगी, जिनमें 50 छात्राएं और 42 छात्र शामिल हैं।
दीक्षांत समारोह में कच्छ की पारंपरिक चर्म शिल्प कला को वैश्विक पहचान दिलाने वाले विशिष्ट शिल्पाचार्य एवं उद्यमी अंचल पी. बिजलानी को मानद डी.लिट्. की उपाधि से सम्मानित किया जाएगा। साथ ही शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रो. मीत कमल, डॉ. शिखा वर्मा, डॉ. सुरेन्द्र प्रताप सिंह और डॉ. मानस उपाध्याय को ‘उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान’ से नवाजा जाएगा।
विश्वविद्यालय इस अवसर को सामाजिक सरोकारों से भी जोड़ेगा। जिला स्वास्थ्य समिति के सहयोग से 9 से 14 वर्ष की किशोरियों के लिए निःशुल्क सर्वाइकल कैंसर टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। इसके अलावा समारोह के बाद ‘माँ-बेटी सम्मेलन’ आयोजित होगा। इस पहल के तहत छात्राओं के निःशुल्क ब्लड टेस्ट कराकर उनकी रिपोर्ट उनकी माताओं तक पहुंचाई जा रही है।
दीक्षांत समारोह के दौरान राज्यपाल आनंदीबेन पटेल विश्वविद्यालय की कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी करेंगी। इनमें नवीन पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग भवन, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आर्चरी लॉन और बॉक्सिंग रिंग, नए छात्र-छात्रा छात्रावासों का लोकार्पण शामिल है। वहीं इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कम्युनिकेशन भवन, कन्वेंशन सेंटर तथा आधुनिक मल्टीस्पेशियलिटी अस्पताल जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया जाएगा। समारोह को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद