10 साल की दौड़ खत्म, समाधान दिवस में मिली संशोधित खतौनी

डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह के निर्देश पर वर्षों पुराना राजस्व विवाद सुलझा, 147 शिकायतों में 11 का मौके पर निस्तारण; दिव्यांगों और किसानों के लिए विशेष शिविर भी लगे

कानपुर। दस वर्षों से अधिक समय से राजस्व अभिलेखों में त्रुटि ठीक कराने के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर काट रहे यशोदा नगर निवासी प्रेमप्रकाश तिवारी को सोमवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में बड़ी राहत मिली। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह के समक्ष मामला पहुंचने पर तत्काल अभिलेखों की जांच कराई गई और विधिक प्रक्रिया पूरी करते हुए अनधिकृत रूप से दर्ज काश्तकारों के नाम हटाकर संशोधित खतौनी उन्हें मौके पर ही उपलब्ध करा दी गई। वर्षों से लंबित इस प्रकरण के निस्तारण पर प्रेमप्रकाश ने प्रशासन का आभार जताया।
मर्चेंट चैंबर ऑफ कॉमर्स में आयोजित सदर तहसील के संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने की। शिविर में कुल 147 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 11 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। जिलाधिकारी ने शेष प्रकरणों को शासनादेश के अनुसार सात दिन के भीतर गुणवत्ता के साथ निस्तारित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
समाधान दिवस के दौरान कई अन्य फरियादियों को भी तत्काल राहत मिली। बिनगवां निवासी कंचन सिंह को नया बिजली कनेक्शन नहीं मिलने की शिकायत पर मौके पर ही झटपट पोर्टल के माध्यम से आवेदन कराकर कनेक्शन जारी कराया गया। छपेड़ा पुलिया निवासी शिवम त्रिपाठी को दिव्यांग पेंशन के लिए आवश्यक आय प्रमाणपत्र शिविर में ही जारी कर दिया गया। लक्ष्मीपुरवा निवासी केला देवी की शिकायत पर नगर निगम की टीम ने घर के सामने जमा कूड़ा तत्काल हटवाया। गंभीरपुर निवासी प्रकाश नारायण के मोहल्ले की खराब स्ट्रीट लाइट ठीक कराई गई, जबकि रामचंद्र के बिजली बिल की जांच कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट की गई। मधू त्रिपाठी के बिजली बिल को मीटर रीडिंग और ओटीपी के आधार पर संशोधित कराया गया। रूपरानी और सृजना देवी के नाम राजस्व अभिलेखों में सही दर्ज किए गए तथा लोकेन्द्र प्रताप सिंह के पिता के निधन के बाद लंबित वरासत आवेदन का भी निस्तारण कराया गया।
मृतक विमल कुमार गौतम की पत्नी को आर्थिक सहायता दिए जाने के मामले की भी समीक्षा की गई। जांच में सहायता राशि की स्वीकृति पूर्व में हो चुकी होने की पुष्टि होने पर जिलाधिकारी ने धनराशि का अंतरण तत्काल सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
प्राप्त शिकायतों में सबसे अधिक 50 मामले राजस्व विभाग, 25 नगर निगम, 19 केडीए, 18 पुलिस, 8 केस्को, 7 शिक्षा विभाग तथा 2 स्वास्थ्य विभाग से संबंधित रहे। अन्य शिकायतें विभिन्न विभागों से जुड़ी थीं।
समाधान दिवस के अवसर पर दिव्यांगजनों के लिए विशेष शिविर भी लगाया गया। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने 20 दिव्यांगजनों का परीक्षण किया, जिनमें 17 के यूडीआईडी कार्ड बनाए गए, जबकि तीन को आगे की जांच के लिए रेफर किया गया। इसके अलावा पांच दिव्यांगजनों का पेंशन, आठ का सहायक उपकरण, दो का मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल तथा दो के बैंक खाते एनपीसीआई से लिंक कराए गए। छह लोगों के आय प्रमाणपत्र के लिए भी आवेदन किए गए।
किसानों के लिए लगाए गए विशेष शिविर में 24 किसानों के किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) बनाए गए। एलडीएम आदित्य चंद्रा ने किसानों को केसीसी योजना के लाभ, सुविधाओं और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी देकर अधिक से अधिक किसानों को योजना से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
संपूर्ण समाधान दिवस में डीसीपी सत्यजीत गुप्ता, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जैन, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट एवं एसडीएम सदर अनुभव सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. हरिदत्त नेमी, केडीए सचिव अभय पांडेय, अपर नगर आयुक्त अनूप कुमार सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद