कानपुर सेंट्रल के पुनर्विकास कार्यों की समीक्षा

कानपुर। कानपुर के सांसद रमेश अवस्थी ने मंगलवार को कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर चल रहे पुनर्निर्माण एवं आधुनिकीकरण कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि परियोजना की गुणवत्ता और समय-सीमा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कानपुर सेंट्रल देश के प्रमुख रेलवे स्टेशनों में शामिल है और इसका पुनर्विकास शहर की पहचान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने वाला महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट है। ऐसे में सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें ताकि निर्माण कार्य तय समय के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जा सकें।
समीक्षा बैठक में रेलवे, रक्षा मंत्रालय (डिफेंस), नगर निगम, मेट्रो, पुलिस तथा अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक की शुरुआत रेलवे अधिकारियों द्वारा वीडियो प्रेजेंटेशन से हुई, जिसमें कानपुर सेंट्रल स्टेशन के पुनर्विकास की वर्तमान स्थिति, विभिन्न चरणों में चल रहे निर्माण कार्यों तथा आगामी कार्ययोजना की विस्तार से जानकारी दी गई। सांसद ने प्रेजेंटेशन के बाद परियोजना के प्रत्येक बिंदु की समीक्षा करते हुए अधिकारियों से प्रगति रिपोर्ट ली और जहां आवश्यक था वहां कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान सांसद रमेश अवस्थी ने स्टेशन परिसर और उसके आसपास की ड्रेनेज व्यवस्था को गंभीर मुद्दा बताते हुए कहा कि बरसात के दौरान जलभराव यात्रियों और स्थानीय लोगों के लिए बड़ी समस्या बन जाता है। उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जल निकासी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस समस्या का समाधान हो सके और स्टेशन आने-जाने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कैंट क्षेत्र से जीटी रोड तक फैले अतिक्रमण और लगातार लगने वाले जाम पर भी चिंता व्यक्त की। सांसद ने कहा कि कानपुर सेंट्रल पर प्रतिदिन हजारों यात्रियों का आवागमन होता है, लेकिन अव्यवस्थित यातायात और अतिक्रमण के कारण लोगों को घंटों जाम में फंसना पड़ता है। उन्होंने पुलिस, रक्षा विभाग और नगर निगम के अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाकर अतिक्रमण हटाने, यातायात व्यवस्था सुधारने और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सांसद ने कहा कि कानपुर सेंट्रल का पुनर्विकास केवल रेलवे स्टेशन का आधुनिकीकरण नहीं बल्कि पूरे शहर की आधारभूत संरचना को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने परियोजना से जुड़े सभी विभागों को नियमित समन्वय बैठकों के माध्यम से कार्यों की निगरानी करने और निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी चरण पूरे करने पर जोर दिया। समीक्षा बैठक के बाद सांसद रमेश अवस्थी ने अधिकारियों के साथ निर्माण स्थल का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न स्थानों पर चल रहे निर्माण कार्यों का बारीकी से अवलोकन किया और मौके पर मौजूद अधिकारियों को तकनीकी एवं व्यवस्थागत सुधारों के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों तथा यात्रियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखने को कहा। बैठक एवं निरीक्षण के दौरान विधायक नीलिमा कटियार, पूर्व विधायक रघुनंदन भदौरिया, अनिल दीक्षित, मुख्य यातायात प्रबंधक अंकाशु गोविल, उप मुख्य इंजीनियर (निर्माण) उत्कर्ष जायसवाल, कैंटोनमेंट बोर्ड के सीईओ पी. डी. स्टीफन, डीसीपी ट्रैफिक रविंद्र कुमार सहित रेलवे, नगर निगम, मेट्रो, पुलिस, रक्षा विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद