तेज गेंदबाजों की तलाश में कानपुर पहुंचेगा UPCA स्पीड हंट

कानपुर। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (UPCA) की ओर से प्रदेश के उभरते तेज गेंदबाजों की तलाश के लिए शुरू किए गए ‘UPCA स्पीड हंट’ अभियान का अगला चरण 1 और 2 जुलाई को कानपुर के कमला क्लब में आयोजित होगा। दो दिवसीय ट्रायल में कानपुर समेत 12 जिलों के 1700 से अधिक पंजीकृत खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। चयन प्रक्रिया पूरी तरह नि:शुल्क और पारदर्शी होगी।UPCA का यह विशेष अभियान प्रदेशभर से 35 प्रतिभाशाली तेज गेंदबाजों का चयन करने के उद्देश्य से शुरू किया गया है। यह पहल बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला की सोच के अनुरूप शुरू की गई है, ताकि उत्तर प्रदेश में तेज गेंदबाजी की मजबूत नई पीढ़ी तैयार की जा सके और ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर मिले।इस अभियान में 16 से 24 वर्ष आयु वर्ग के लड़के और लड़कियां भाग ले रहे हैं। पंजीकरण के आधार पर प्रदेश में सात ट्रायल सेंटर बनाए गए हैं, जिनमें गाजीपुर, प्रयागराज, गोरखपुर, लखनऊ, कानपुर, आगरा और मेरठ शामिल हैं। गाजीपुर, प्रयागराज, गोरखपुर और लखनऊ में ट्रायल पहले ही सफलतापूर्वक संपन्न हो चुके हैं।कानपुर केंद्र पर ललितपुर, महोबा, हमीरपुर, रायबरेली, कानपुर नगर, औरैया, झांसी, बांदा, फतेहपुर, जालौन, कानपुर देहात और कन्नौज के खिलाड़ियों के ट्रायल होंगे। खिलाड़ियों की संख्या अधिक होने के कारण ट्रायल दोनों दिनों में दो-दो स्लॉट में आयोजित किए जाएंगे, जिससे चयन प्रक्रिया व्यवस्थित ढंग से पूरी की जा सके।UPCA स्पीड हंट की सबसे बड़ी विशेषता आधुनिक तकनीक का उपयोग है। खिलाड़ियों की गेंदबाजी की रफ्तार रडार गन से मापी जाएगी, जबकि उनके प्रदर्शन का विश्लेषण आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित तकनीक से किया जाएगा। पूरी चयन प्रक्रिया अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न होगी।UPCA का उद्देश्य जमीनी स्तर पर क्रिकेट प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें बेहतर प्रशिक्षण और मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है, ताकि चयनित खिलाड़ी भविष्य में उत्तर प्रदेश के साथ-साथ भारतीय क्रिकेट में भी अपनी पहचान बना सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद