जरीब चौकी फ्लाईओवर, सीएम ग्रिड सड़कें और ट्रैफिक व्यवस्था की मैराथन समीक्षा, अधिकारियों को समयबद्ध कार्य पूरा करने के निर्देश
कानपुर। कानपुर नगर के सर्वांगीण विकास, आधारभूत सुविधाओं को मजबूत बनाने तथा आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर कानपुर के सांसद रमेश अवस्थी पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आए। मंगलवार को उन्होंने अपने आवास पर विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ दिनभर मैराथन समीक्षा बैठकें कर शहर की प्रमुख विकास परियोजनाओं, यातायात व्यवस्था, सड़क निर्माण, पेयजल, सीवर, नगर निगम के विकास कार्यों तथा अन्य जनहित से जुड़े मुद्दों की विस्तार से समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी परियोजनाएं निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरी हों।
बैठक में सांसद ने सबसे पहले सेतु निगम के अधिकारियों के साथ जरीब चौकी फ्लाईओवर परियोजना की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने फ्लाईओवर निर्माण शुरू होने में आ रही तकनीकी और प्रशासनिक बाधाओं की विस्तृत जानकारी ली तथा अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी समस्याओं का तत्काल समाधान कर निर्माण कार्य बिना किसी और देरी के शुरू कराया जाए। उन्होंने कहा कि यह परियोजना शहर की सबसे महत्वपूर्ण योजनाओं में से एक है और इसके पूरा होने से लाखों लोगों को रोजाना लगने वाले जाम से राहत मिलेगी।
सांसद ने जल निगम के महाप्रबंधक को निर्देश दिए कि जरीब चौकी क्षेत्र में सीवर एवं पाइपलाइन शिफ्टिंग का कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता पर कराया जाए। उन्होंने कहा कि विभागों के बीच समन्वय की कमी के कारण किसी भी परियोजना में देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। फ्लाईओवर निर्माण से जुड़े सभी विभाग आपसी तालमेल बनाकर कार्य करें, ताकि परियोजना समय पर पूरी हो सके। इसके बाद सांसद रमेश अवस्थी ने नगर आयुक्त के साथ नगर निगम द्वारा संचालित विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने शहर में चल रहे सड़क निर्माण, नाली, जलनिकासी, सफाई, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य नागरिक सुविधाओं से संबंधित कार्यों की प्रगति रिपोर्ट ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक कार्य गुणवत्ता के मानकों के अनुरूप तथा तय समयसीमा में पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
सांसद ने यह भी बताया कि बुधवार दोपहर दो बजे वह स्वयं नगर आयुक्त के साथ शहर की प्रमुख सीएम ग्रिड सड़कों का स्थलीय निरीक्षण करेंगे। निरीक्षण के दौरान जहां भी सड़क निर्माण, मरम्मत या अन्य विकास कार्यों में कमी मिलेगी, वहां तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि शहर की प्रमुख सड़कों को बेहतर बनाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
कानपुर में लगातार बढ़ रही ट्रैफिक समस्या को गंभीरता से लेते हुए सांसद ने कानपुर कमिश्नरेट के डीसीपी ट्रैफिक रविंद्र कुमार के साथ भी विस्तृत बैठक की। उन्होंने शहर के प्रमुख चौराहों और व्यस्त मार्गों पर लगने वाले जाम की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए एक प्रभावी और स्थायी कार्ययोजना तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि यातायात व्यवस्था बेहतर होने से लोगों का समय बचेगा, ईंधन की खपत कम होगी और शहर की रफ्तार भी तेज होगी।
बैठकों के दौरान सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि कानपुर के समग्र विकास के लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय बेहद आवश्यक है। विकास कार्यों में देरी या विभागीय लापरवाही अब स्वीकार नहीं की जाएगी। प्रत्येक विभाग को जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देते हुए समयबद्ध तरीके से पूरा करना होगा। उन्होंने कहा कि सभी परियोजनाओं की नियमित समीक्षा की जाएगी और जरूरत पड़ने पर स्थलीय निरीक्षण भी किया जाएगा।
सांसद ने यह भी घोषणा की कि जल्द ही कानपुर के सर्वांगीण विकास को लेकर सभी विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों की संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में प्रत्येक विभाग की प्रगति का आकलन किया जाएगा तथा जिन योजनाओं में देरी हो रही है, उन्हें तेजी से पूरा कराने की रणनीति बनाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता कानपुर को बेहतर आधारभूत सुविधाओं, मजबूत सड़क नेटवर्क, सुगम यातायात, स्वच्छ वातावरण और आधुनिक नागरिक सुविधाओं से युक्त शहर के रूप में विकसित करना है। इसके लिए सभी विभागों के साथ निरंतर समन्वय, नियमित समीक्षा और जवाबदेही तय करने की प्रक्रिया लगातार जारी रहेगी, ताकि विकास योजनाओं का लाभ सीधे आम जनता तक समय पर पहुंच सके।