सूत्र: 10 साल से एक ही जोन में तैनाती, करोड़ों की गड़बड़ी और अफसरों की मिलीभगत के आरोप, जांच की उठी मांग
कानपुर। विद्युत विभाग में कथित वित्तीय अनियमितताओं और भ्रष्टाचार को लेकर गंभीर आरोप सामने आए हैं। सूत्रों के अनुसार, विद्युत जनपद मंडल वितरण एवं विद्युत जनपद खंड वितरण, कानपुर में तैनात एक अकाउंटेंट पर बड़े पैमाने पर वित्तीय गड़बड़ी करने के आरोप लगाए जा रहे हैं। आरोप है कि संबंधित कर्मचारी की नियुक्ति और तैनाती में भी कुछ उच्च अधिकारियों का संरक्षण प्राप्त रहा। सूत्रों का दावा है कि संबंधित अकाउंटेंट पर पूर्व में भी अनियमितताओं के आरोप लगे थे और शिकायतें उच्च स्तर तक पहुंची थीं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। यह भी आरोप है कि पहले तैनाती वाले डिवीजन में दूसरे अधिकारी की जगह इन्हें अकाउंटेंट बनाया गया और कथित रूप से उनकी निजी फर्म “यूनिवर्सल कंस्ट्रक्शन” को लाभ पहुंचाने का प्रयास किया गया। सूत्रों के मुताबिक, संबंधित कर्मचारी पहले विद्युत वितरण खंड झींझक में तैनात थे, जहां लगभग डेढ़ करोड़ रुपये की कथित वित्तीय अनियमितताओं की चर्चा रही। आरोप है कि किसी कार्रवाई से पहले उनका तबादला कानपुर के जोनल अकाउंट कार्यालय में कर दिया गया। सूत्रों का यह भी कहना है कि संबंधित अकाउंटेंट पिछले लगभग 10 वर्षों से एक ही जोन में कार्यरत हैं, जिससे विभागीय कार्यप्रणाली और अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि आवास आवंटन सहित अन्य प्रशासनिक मामलों में भी उनका हस्तक्षेप बढ़ गया है। हालांकि, इन सभी आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है और संबंधित अधिकारी या कर्मचारी का पक्ष अभी सामने नहीं आया है। अब मांग उठ रही है कि पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराई जाए ताकि यदि आरोप सही हैं तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो सके, और यदि आरोप निराधार हैं तो स्थिति भी स्पष्ट हो सके।