जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज में उत्साहपूर्वक मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस

योगाभ्यास, चेयर योग, पोस्टर प्रतियोगिता और वृक्षारोपण के माध्यम से दिया स्वस्थ जीवन व पर्यावरण संरक्षण का संदेश

कानपुर। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मेडिकल कॉलेज परिसर में आयोजित कार्यक्रम का नेतृत्व प्राचार्य प्रो. डॉ. संजय काला ने किया। इस दौरान संकाय सदस्यों, चिकित्सकों, रेजिडेंट डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर योग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई। कार्यक्रम का शुभारंभ योग प्रार्थना के साथ हुआ, जिसके बाद प्रशिक्षित योगाचार्यों के निर्देशन में विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया। ईशा केंद्र के योगाचार्यों ने योग सत्र का संचालन करते हुए प्रतिभागियों को योग के वैज्ञानिक और स्वास्थ्य संबंधी लाभों की जानकारी दी।
इस अवसर पर प्राचार्य प्रो. डॉ. संजय काला ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है और स्वस्थ शरीर, स्वस्थ मन तथा संतुलित जीवन के लिए इसे दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना आवश्यक है। उन्होंने सभी से नियमित योग करने का आह्वान किया। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम के अनुरूप मेडिकल कॉलेज के विभिन्न विभागों में भी योग सत्र आयोजित किए गए। चिकित्सकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। साथ ही जन-जागरूकता अभियान चलाकर आम नागरिकों को योग के महत्व और इसके स्वास्थ्य लाभों के प्रति जागरूक किया गया।
विद्यार्थियों के लिए डॉ. अनुपम गुप्ता द्वारा चेयर योग का विशेष सत्र आयोजित किया गया। इसके अलावा स्लोगन एवं पोस्टर प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। कार्यक्रम का संयोजन डॉ. संतोष बर्मन एवं डॉ. प्रग्नेश ने किया।

वृक्षारोपण कर लिया हरित परिसर का संकल्प

योग दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए मेडिकल कॉलेज परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। प्राचार्य एवं वरिष्ठ संकाय सदस्यों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण और हरित परिसर निर्माण का संकल्प लिया।

स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की दिलाई शपथ

कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने नियमित योगाभ्यास, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय योगदान देने की शपथ ली। आयोजन ने स्वास्थ्य, योग और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का प्रभावी संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद