कानपुर। कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) ने अवैध निर्माण और भू-माफियाओं के खिलाफ शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए कई स्थानों पर सीलिंग अभियान चलाया। केडीए उपाध्यक्ष अंकुर कौशिक और सचिव अभय कुमार पांडेय के निर्देश पर प्रवर्तन टीम ने बिना मानचित्र स्वीकृति के हो रही प्लाटिंग और अवैध निर्माणों पर कार्रवाई की। वहीं सरकारी जमीन के फर्जी दस्तावेज तैयार कर बिक्री और किराए पर देने के आरोप में पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराया गया है।
ओएसडी डॉ. रवि प्रताप सिंह के नेतृत्व में प्रवर्तन टीम ने छतमरा क्षेत्र में करीब 4.5 बीघा भूमि पर बिना स्वीकृत मानचित्र के की जा रही अवैध प्लाटिंग को सील कर दिया। इसके अलावा देहली सुजानपुर में मानकों के विपरीत लगभग 1000 वर्ग मीटर क्षेत्र में हो रहे अवैध निर्माण पर भी कार्रवाई करते हुए परिसर को सील किया गया। दोनों परिसरों को चकेरी और महाराजपुर थाना पुलिस की अभिरक्षा में सौंपने की प्रक्रिया चल रही है।
इसके साथ ही पनकी भौंसिह क्षेत्र में केडीए की सरकारी भूमि के फर्जी दस्तावेज तैयार कर अवैध तरीके से किराए पर देने और क्रय-विक्रय करने के मामले में भी बड़ी कार्रवाई की गई। केडीए की ओर से आरोपी मनीष बाजपेयी, राहुल बाजपेयी, अशोक बाजपेयी, आकाश बाजपेयी और उर्मिला बाजपेयी समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ थाना पनकी में भारतीय न्याय संहिता 2023 की विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
केडीए अधिकारियों का कहना है कि अवैध निर्माण और सरकारी जमीनों पर कब्जा करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। प्राधिकरण ने आम जनता से अपील की है कि केडीए की अर्जित भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध क्रय-विक्रय न करें तथा निर्माण कार्य हमेशा स्वीकृत मानचित्र के अनुसार ही कराएं।
अवैध निर्माण पर केडीए का बड़ा एक्शन, 5 भू-माफियाओं पर FIR