हाईवे पर रातभर चला प्रशासन का सघन चेकिंग अभियान

कानपुर नगर। हाईवे पर नियमों की अनदेखी कर वाहन चलाने वालों के खिलाफ गुरुवार देर रात प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सघन चेकिंग अभियान चलाया। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह के निर्देश पर नरवल क्षेत्र में राजस्व, पुलिस, परिवहन और खनन विभाग की संयुक्त टीम ने हाईवे पर कई घंटों तक अभियान चलाकर ओवरलोड, बिना नंबर प्लेट और नियम विरुद्ध संचालित वाहनों पर शिकंजा कसा। अभियान के दौरान कुल 151 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 11 लाख 25 हजार रुपये का शमन शुल्क वसूला गया।
संयुक्त टीम ने हाईवे से गुजर रहे ट्रक, डंपर, मालवाहक और अन्य वाहनों की गहन जांच की। इस दौरान कई वाहन बिना नंबर प्लेट के संचालित होते मिले, जबकि कई वाहनों में ओवरलोडिंग पाई गई। टीम ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की। अधिकारियों ने वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने और सुरक्षित तरीके से वाहन चलाने के प्रति जागरूक भी किया।
अभियान में परिवहन विभाग ने सबसे अधिक कार्रवाई करते हुए 95 वाहनों का चालान किया और 8 लाख 47 हजार रुपये शमन शुल्क वसूला। वहीं पुलिस विभाग ने 52 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई कर 78 हजार 500 रुपये का जुर्माना वसूला। खनन विभाग ने भी ओवरलोडिंग और अवैध खनन सामग्री ढोने वाले 4 वाहनों पर कार्रवाई करते हुए 2 लाख रुपये शमन शुल्क वसूला।
प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से जनपद में तहसीलवार संयुक्त प्रवर्तन टीमों का गठन किया गया है। इसी क्रम में विभिन्न क्षेत्रों में नियमित रूप से अभियान चलाए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि हाईवे पर ओवरलोड और नियम विरुद्ध वाहन संचालन दुर्घटनाओं की बड़ी वजह बनते जा रहे हैं, इसलिए ऐसे वाहनों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
अभियान का नेतृत्व उप जिलाधिकारी नरवल विवेक कुमार मिश्रा ने किया। इस दौरान एसीपी चकेरी अभिषेक पांडे, परिवहन विभाग से मानवेंद्र प्रताप सिंह, जिला खनन अधिकारी पारसनाथ, नायब तहसीलदार आशीष पटेल, राजस्व विभाग की टीम और पुलिस बल मौजूद रहा।
उप जिलाधिकारी विवेक कुमार मिश्रा ने बताया कि सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन पूरी गंभीरता से कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि ओवरलोडिंग, बिना नंबर प्लेट और यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह सख्त अभियान जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद