कानपुर। मजदूरों, कर्मचारियों और पेंशनर्स के अधिकारों की लड़ाई को जीवन भर संघर्ष के रूप में आगे बढ़ाने वाले कर्मचारी नेता स्व. बीएन सिंह की 27वीं पुण्यतिथि इस वर्ष भी पूरे सम्मान, उत्साह और संकल्प के साथ मनाई जाएगी। आगामी 18 मई को उनकी पुण्यतिथि को “संकल्प दिवस” के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया है। इस अवसर पर कर्मचारी और पेंशनर्स अन्याय के विरुद्ध अंतिम सांस तक संघर्ष जारी रखने का संकल्प लेंगे।
इस संबंध में शुक्रवार को सेवा निवृत्त कर्मचारी एवं पेंशनर्स एसोसिएशन, कानपुर नगर की एक आवश्यक बैठक हैलट अस्पताल स्थित कर्मचारी संघ कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में आगामी कार्यक्रम की रूपरेखा तय करते हुए आयोजन को भव्य और प्रेरणादायी बनाने पर चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता एसोसिएशन के अध्यक्ष बीएल गुलाबिया ने की। वरिष्ठ उपाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि 18 मई को पी रोड स्थित बाल समाज विद्यालय (बलखण्डेश्वर) में पुण्यतिथि समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य स्व. बीएन सिंह के संघर्षों, सिद्धांतों और कर्मचारी हितों के लिए उनके योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि स्व. बीएन सिंह ने अपना पूरा जीवन कर्मचारियों, मजदूरों और शोषित वर्ग की आवाज उठाने में समर्पित कर दिया। उन्होंने हर स्तर पर अन्याय के खिलाफ संघर्ष किया और कर्मचारियों को संगठित कर उनके अधिकारों के लिए आंदोलन चलाए। यही कारण है कि आज भी कर्मचारी संगठन उन्हें प्रेरणास्रोत मानते हैं।
बैठक में मौजूद चतुर्थ श्रेणी राज्य कर्मचारी संघ चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष अजय कुशवाहा ने वर्तमान परिस्थितियों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आज सरकार स्थायी भर्तियों को सीमित कर युवाओं को आउटसोर्सिंग व्यवस्था की ओर धकेल रही है। उन्होंने कहा कि आउटसोर्स कर्मचारियों को इतना वेतन भी नहीं मिलता कि वे सम्मानजनक जीवन जी सकें।
उन्होंने कहा, “सिंह साहब ने हमेशा कर्मचारियों के हक की लड़ाई लड़ी। हम 18 मई को उनके बताए रास्तों पर चलने और अन्याय के खिलाफ संघर्ष जारी रखने की शपथ लेंगे।”
बैठक में उपस्थित कर्मचारियों और पेंशनर्स ने कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया। इस दौरान राजेंद्र प्रसाद श्रीवास्तव, रविंद्र कुमार मधुर, भोलानाथ पाल, विजय बाल्मीकि, ऋषि मोहन, रमाकांत वर्मा, वीरेंद्र कुमार वर्मा, राजेंद्र प्रसाद द्विवेदी, इंद्रजीत सिंह गिल, ताराचंद और सुनील सुमन सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी एवं पेंशनर्स मौजूद रहे।
बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने एक स्वर में कहा कि स्व. बीएन सिंह के संघर्ष और विचार आज भी कर्मचारियों के लिए प्रेरणा हैं तथा उनके अधूरे सपनों को पूरा करने के लिए संगठित होकर संघर्ष जारी रखा जाएगा।
18 मई को ‘संकल्प दिवस’ मनाएंगे कर्मचारी और पेंशनर्स