अस्पताल कर्मी महिला से 6 लाख की ठगी, परिवार पर धमकी देने का आरोप

कानपुर के कर्नलगंज थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ लाखों रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़िता ने अपनी ही सहकर्मी और उसके परिवार पर मकान दिलाने के नाम पर 6 लाख रुपये हड़पने और बाद में जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर पीड़िता लगातार थाना और चौकी के चक्कर लगा रही है, लेकिन अब तक कार्रवाई नहीं होने का आरोप है।
ग्वालटोली शूटरगंज निवासी सुनीता ने बताया कि वह सिविल लाइंस स्थित लीलामनी हॉस्पिटल में पिछले 13 वर्षों से कार्यरत हैं। इसी दौरान उनकी जान-पहचान अस्पताल में काम करने वाली लज्जावती से हुई। सुनीता के अनुसार लज्जावती ने विश्वास में लेकर मकान बेचने का प्रस्ताव दिया और अलग-अलग समय पर उनसे करीब 6 लाख रुपये ले लिए। पीड़िता का कहना है कि इस लेनदेन की पूरी लिखापढ़ी, स्टांप और ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग भी मौजूद है।
सुनीता ने आरोप लगाया कि जब मकान का कब्जा देने की बात आई तो लज्जावती और उसका परिवार मुकर गया। आरोप है कि विरोध करने पर उनके साथ अभद्रता की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़िता के मुताबिक लज्जावती का पति अजय और उसका बड़ा बेटा पहले हत्या के मामले में जेल में बंद थे। जेल से बाहर आने के बाद दोनों ने पैसे वापस न करने को लेकर दबाव बनाना शुरू कर दिया।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि इस पूरे मामले में लज्जावती के परिवार के अन्य सदस्य भी शामिल हैं, जिनमें दामाद विक्की सिंह, बेटी कल्पना सिंह, छोटी बेटी रोशनी और आयुष का नाम भी शामिल है। सुनीता का कहना है कि उन्होंने किराए के मकान में रहकर और लोन लेकर यह रकम दी थी ताकि उनका खुद का घर हो सके, लेकिन उनके साथ विश्वासघात किया गया।
महिला का कहना है कि वह कई बार थाना और चौकी में शिकायत कर चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। फिलहाल पीड़िता ने पुलिस प्रशासन से न्याय दिलाने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद