कानपुर—शहर के छात्र-छात्राओं, शोधार्थियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए नगर निगम की ओर से एक बड़ी सौगात दी गई है। मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के तहत फूलबाग स्थित गांधी भवन में अत्याधुनिक डिजिटल/ई-लाइब्रेरी का शिलान्यास महापौर प्रमिला पांडे द्वारा किया गया। लगभग 8 करोड़ 6 लाख रुपये की लागत से बनने वाली यह परियोजना शहर में शिक्षा और तकनीक के क्षेत्र में एक नया अध्याय जोड़ने जा रही है।
इस डिजिटल लाइब्रेरी की सबसे बड़ी विशेषता यहां मौजूद करीब 35,000 ऐतिहासिक और दुर्लभ पुस्तकों का डिजिटलाइजेशन और वैज्ञानिक तरीके से कैटलॉगिंग करना है। इसके साथ ही वर्षों पुरानी मीटिंग रिपोर्ट्स और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों को भी डिजिटल फॉर्मेट में सुरक्षित किया जाएगा, जिससे शोधकर्ताओं और विद्यार्थियों को बहुमूल्य सामग्री एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकेगी।
परियोजना प्रभारी आर.के. सिंह और मुख्य अभियंता एस.एफ.ए. जैदी की देखरेख में इस कार्य को आधुनिक मानकों के अनुरूप दो चरणों में विकसित किया जा रहा है। पहले चरण में 50 उपयोगकर्ताओं के लिए हाई-टेक डेस्कटॉप, आरामदायक टेबल-चेयर और 20 टैबलेट की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, जिनमें लाइब्रेरी मैनेजमेंट सॉफ्टवेयर भी एकीकृत रहेगा।
दिव्यांगजनों, विशेषकर दृष्टिहीन पाठकों को ध्यान में रखते हुए यहां 10 ‘किबो’ उपकरण लगाए जाएंगे, जिनकी मदद से वे किताबों को सुन भी सकेंगे और पढ़ भी पाएंगे। इसके अलावा उपयोगकर्ताओं को जे-गेट, ई-बुक्स, ई-मैगजीन और ‘हेनरी स्टीवर्ड टॉक’ जैसे अंतरराष्ट्रीय डिजिटल प्लेटफॉर्म्स की सुविधा भी मिलेगी, जिससे उन्हें वैश्विक स्तर की शैक्षणिक सामग्री तक पहुंच प्राप्त होगी।
लाइब्रेरी में सुरक्षा और प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए अत्याधुनिक आर.एफ.आई.डी. सिस्टम और बारकोड ट्रैकिंग तकनीक लागू की जाएगी। साथ ही 50 लोगों की क्षमता वाला वेटिंग हॉल, हाई-स्पीड वाई-फाई, 18 केवी का यूपीएस बैकअप और बहुभाषी अनुवाद की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे यह केंद्र पूरी तरह स्मार्ट और यूजर-फ्रेंडली बनेगा।
महापौर प्रमिला पांडे ने इस अवसर पर कहा कि यह डिजिटल लाइब्रेरी आधुनिक तकनीक से लैस होगी और इससे युवाओं को एक ही छत के नीचे विश्व स्तरीय संसाधन मिलेंगे। उन्होंने इसे कानपुर में शिक्षा के स्तर को ऊंचा उठाने की दिशा में एक क्रांतिकारी पहल बताया।
शिलान्यास के दौरान यह भी जानकारी दी गई कि गांधी भवन के हॉल का व्यापक सुंदरीकरण किया जाएगा, जिसमें फॉल्स सीलिंग, आधुनिक फ्लोर टाइलिंग और आकर्षक पार्टीशन का निर्माण शामिल है। कार्यक्रम में नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी, इंजीनियरिंग टीम और परियोजना से जुड़े अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।
प्रमिला पांडे ने ₹8.06 करोड़ की डिजिटल लाइब्रेरी का शिलान्यास