‘कनेक्टिंग केयर’ थीम पर 43वां रिफ्रेशर कोर्स 1 मई से

कानपुर—इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) कॉलेज ऑफ जनरल प्रैक्टिशनर्स, कानपुर सब फैकल्टी द्वारा 1 से 3 मई 2026 तक तीन दिवसीय ‘XLIII रिफ्रेशर कोर्स 2026’ का आयोजन किया जाएगा। बुधवार को आईएमए भवन, परेड में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस प्रतिष्ठित वैज्ञानिक आयोजन की विस्तृत रूपरेखा साझा की गई, जिसमें शहर के वरिष्ठ चिकित्सकों और पदाधिकारियों की उपस्थिति रही।
आईएमए कानपुर के अध्यक्ष डॉ. अनुराग मेहरोत्रा ने बताया कि 43वें वार्षिक रिफ्रेशर कोर्स का आयोजन आईएमए भवन के नवनिर्मित सभागार ‘जितेंद्र कुमार लोहिया ऑडिटोरियम’ में किया जाएगा। कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन 2 मई को दोपहर 3:00 बजे उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष सतीश महाना द्वारा किया जाएगा, जबकि एमएलसी सलिल विश्नोई विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
आईएमए-सीजीपी के सहायक निदेशक डॉ. गौरव चावला ने जानकारी दी कि इस वर्ष की थीम “Connecting Care: Innovations for a Healthier Tomorrow” रखी गई है, जो आधुनिक चिकित्सा तकनीकों और नवाचारों के माध्यम से बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने की दिशा में केंद्रित है। इस कार्यक्रम को मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया (एमसीआई) द्वारा 6 क्रेडिट पॉइंट्स प्रदान किए गए हैं, जो चिकित्सकों के लिए शैक्षणिक और व्यावसायिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माने जाते हैं।
वैज्ञानिक सचिव डॉ. दीपक श्रीवास्तव और सचिव डॉ. शरद दमेले ने बताया कि अब तक 540 से अधिक डॉक्टर इस कोर्स के लिए पंजीकरण करा चुके हैं। तीन दिनों के दौरान कुल 22 वैज्ञानिक सत्र आयोजित होंगे, जिनमें देशभर के ख्यातिप्राप्त विशेषज्ञ विभिन्न चिकित्सा विषयों पर अपने विचार साझा करेंगे।
प्रथम दिवस पर न्यूरो रेडियोलॉजी, पीडियाट्रिक रुमेटोलॉजी, कोलोरेक्टल कैंसर तथा क्लिनिक में ईएनटी आपात स्थितियों जैसे विषयों पर चर्चा की जाएगी। साथ ही रेडियोलॉजी में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की भूमिका पर मुरादाबाद के डॉ. राजू रस्तोगी विशेष व्याख्यान देंगे। द्वितीय दिवस पर इंसुलिन के उपयोग, वाल्व डिजीज, रेटिनोपैथी और कार्डियक केयर जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञ सत्र आयोजित होंगे, जबकि कैंसर जैसे गंभीर मुद्दे पर विशेष पैनल डिस्कशन भी प्रस्तावित है।
वित्त सचिव डॉ. विशाल सिंह ने बताया कि शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ 2 मई की रात्रि में बिठूर में एक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें आईएमए के सदस्य एवं उनके परिजन अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
कोर्स का समापन 3 मई को शाम 7:00 बजे आयोजित समापन समारोह के साथ होगा। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सचिव डॉ. शालिनी मोहन, प्रेस समन्वयक डॉ. गौरव मिश्रा सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।
आयोजकों के अनुसार इस रिफ्रेशर कोर्स का मुख्य उद्देश्य जनरल प्रैक्टिशनर्स को चिकित्सा क्षेत्र में हो रहे नवीनतम शोध, तकनीकों और उपचार पद्धतियों से अवगत कराना है, ताकि वे अपने मरीजों को और अधिक प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद