कानपुर-शहर के व्यस्ततम इलाकों में शुमार नौबस्ता चौराहे पर मंगलवार को तेज रफ्तार ने एक और जान ले ली। एक अनियंत्रित वाहन ने सड़क पार कर रही महिला को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद चौराहे पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर के समय महिला सड़क पार कर रही थी, तभी एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन उसे रौंदते हुए निकल गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
सूचना मिलते ही नौबस्ता थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक महिला की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं ताकि परिजनों को सूचित किया जा सके।
पुलिस के अनुसार, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जिससे आरोपी वाहन और चालक की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जा सके।
नौबस्ता चौराहे पर लगातार हो रहे हादसों ने एक बार फिर यातायात व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां वाहनों की रफ्तार पर नियंत्रण न होने से पैदल चलने वाले हमेशा खतरे में रहते हैं।
नौबस्ता चौराहे पर तेज रफ्तार का कहर, महिला की मौत