कानपुर। शासन की मंशा के अनुरूप जन समस्याओं के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के उद्देश्य से शनिवार को तहसील नर्वल में ‘सम्पूर्ण समाधान दिवस’ का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह और पुलिस उपायुक्त (पूर्वी) सत्यजीत गुप्ता ने स्वयं मौजूद रहकर दूर-दराज से आए फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
जन-सुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहे, बल्कि उसका प्रभाव धरातल पर स्पष्ट दिखना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर दर्ज कर निर्धारित समय-सीमा में उनका समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पुलिस उपायुक्त (पूर्वी) सत्यजीत गुप्ता ने पुलिस से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए अधीनस्थों को निर्देश दिए कि हर शिकायत पर त्वरित कार्रवाई की जाए और निस्तारण के बाद शिकायतकर्ता को अनिवार्य रूप से सूचित किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से भूमि विवाद से जुड़े मामलों में पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीमों को मौके पर जाकर निष्पक्ष समाधान निकालने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने तहसील प्रशासन को यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि समाधान दिवस में आने वाले लोगों के लिए बैठने और पेयजल की समुचित व्यवस्था हो। उन्होंने कहा, “प्रशासन के पास आने वाला हर व्यक्ति उम्मीद लेकर आता है, इसलिए उसकी बात को धैर्यपूर्वक और सम्मान के साथ सुना जाना चाहिए।”
अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया गया कि जो समस्याएं बार-बार सामने आ रही हैं, उनका स्थायी समाधान निकाला जाए, ताकि लोगों को बार-बार तहसील के चक्कर न लगाने पड़ें।
समाधान दिवस में राजस्व, पुलिस, विकास और समाज कल्याण विभाग से जुड़े दर्जनों प्रकरण सामने आए, जिनमें से कई का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी नर्वल सहित विभिन्न विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारी और पुलिस बल मौजूद रहा।