हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्षों पर अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी, AI और बदलते मीडिया पर मंथन

कानपुर। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग द्वारा हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी का शुभारंभ शनिवार को तात्या टोपे सीनेट हॉल में हुआ। यह आयोजन भारतीय इतिहास अनुसंधान परिषद, नई दिल्ली के सहयोग से किया गया, जिसमें देश-विदेश के शिक्षाविद, पत्रकार, शोधार्थी और विद्यार्थियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रो. राममोहन पाठक ने हिंदी को केवल संप्रेषण का माध्यम न मानते हुए उसे संस्कृति और जीवन मूल्यों से जोड़ने पर जोर दिया। अध्यक्षता कर रहे कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने पत्रकारिता में AI के बढ़ते प्रभाव पर चर्चा करते हुए स्वदेशी भाषा मॉडल विकसित करने की आवश्यकता बताई।

मुख्य वक्ता वरिष्ठ पत्रकार आशुतोष शुक्ला ने उदंत मार्तंड से शुरू हुई हिंदी पत्रकारिता की यात्रा को वर्तमान डिजिटल युग से जोड़ते हुए कहा कि आज सूचना आसान है, लेकिन सत्य और विश्वसनीयता की जिम्मेदारी बढ़ गई है। उन्होंने गणेश शंकर विद्यार्थी और राजा राममोहन राय जैसे व्यक्तित्वों का उल्लेख करते हुए पत्रकारिता के मूल्यों पर प्रकाश डाला।

विशिष्ट अतिथि प्रो. अरुण कुमार भगत ने पत्रकारिता को समाज का दर्पण बताते हुए कहा कि “आज की पत्रकारिता ही कल का इतिहास बनती है।” वहीं प्रो. वीरेंद्र कुमार व्यास ने 1826 से लेकर AI युग तक की पत्रकारिता यात्रा को रेखांकित किया।

दूसरे सत्र में वरिष्ठ पत्रकार अमिताभ अग्निहोत्री ने निष्पक्षता, साहस और जनहित को पत्रकारिता का मूल बताया। प्रति कुलपति प्रो. सुधीर कुमार अवस्थी ने कहा कि डिजिटल युग में पत्रकारिता की जिम्मेदारियां और बढ़ गई हैं।

अंतरराष्ट्रीय सहभागिता में चीन से डॉ. विवेक मणि त्रिपाठी और नेपाल से प्रो. निर्मल मणि अधिकारी ने हिंदी के वैश्विक प्रभाव और पत्रकारिता के विकास पर विचार रखे। संगोष्ठी में करीब 200 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।

कार्यक्रम का संचालन और समापन कुलसचिव राकेश कुमार मिश्र के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। इस दौरान विभागाध्यक्ष डॉ. दिवाकर अवस्थी सहित कई शिक्षाविद उपस्थित रहे।

बॉक्स खबर: आजादी के बाद के अखबारों की प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र

संगोष्ठी के साथ तात्या टोपे सीनेट हॉल में 1947 के बाद के अखबारों और पत्रिकाओं की प्रदर्शनी भी लगाई गई। कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक और मुख्य अतिथि प्रो. राममोहन पाठक ने फीता काटकर उद्घाटन किया। साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम में छात्राओं ने शानदार प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद