रामादेवी का फर्जी डॉक्टर सिंडिकेट बेनकाब! ICU सील के बाद उठा ‘मास्टरमाइंड’ पर बड़ा सवाल

कानपुर

कानपुर के रामादेवी क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई ने निजी अस्पतालों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) एवं अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी/नोडल अधिकारी (नर्सिंग होम) की संयुक्त टीम द्वारा किए गए औचक निरीक्षण में 4 अस्पतालों की जांच की गई, जिसमें कई चौंकाने वाली अनियमितताएं सामने आईं।
निरीक्षण के दौरान कैलाश मेडिकल सेंटर में गंभीर खामियां पाए जाने पर वहां संचालित ICU को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया। इसके अलावा सूर्या हॉस्पिटल और खान हॉस्पिटल को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। वहीं रामादेवी मेडिकल सेंटर में व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलने पर सेवाएं सामान्य रूप से जारी रहीं।
लेकिन इस पूरी कार्रवाई के बाद एक बड़ा और सनसनीखेज आरोप सामने आया है—रामादेवी क्षेत्र में कथित रूप से बिना डिग्री के इलाज कर रहे एक व्यक्ति डॉ. जितेन्द्र शर्मा पर।
स्थानीय सूत्रों और पीड़ित पक्ष का आरोप है कि औरैया से आकर कानपुर में सक्रिय हुए जितेन्द्र शर्मा ने वार्ड बॉय से लेकर “डॉक्टर” बनने तक का सफर तय किया, जबकि उसके पास कोई वैध मेडिकल डिग्री नहीं है। आरोप है कि पिछले दो वर्षों से वह खुलेआम ओपीडी चला रहा था और गंभीर मरीजों का इलाज कर रहा था।
सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि आखिर बिना डिग्री के कोई व्यक्ति इतने लंबे समय तक कैसे चिकित्सा सेवाएं देता रहा? क्या स्वास्थ्य विभाग को इसकी जानकारी नहीं थी, या फिर कहीं न कहीं सिस्टम की मिलीभगत से यह खेल चलता रहा?
पीड़ित परिवार ने सीधे तौर पर CMO पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं और मांग की है कि
डॉ. जितेन्द्र शर्मा की शैक्षणिक योग्यता का सार्वजनिक खुलासा किया जाए
अगर डिग्री नहीं है, तो उसे संरक्षण किसने दिया।
इस पूरे मामले में जिम्मेदार अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई हो
पीड़ित का कहना है कि लापरवाही और फर्जी इलाज की वजह से उसकी मां की मौत हुई, और जब तक दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं होती, तब तक “सच्चा इंसाफ” अधूरा रहेगा।
स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है, लेकिन अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या यह कार्रवाई सिर्फ औपचारिकता बनकर रह जाएगी या फिर “फर्जी डॉक्टर नेटवर्क” पर बड़ा प्रहार होगा।
सवाल अभी बाकी है:
क्या रामादेवी का ‘मास्टरमाइंड’ कानून के शिकंजे में आएगा या फिर सिस्टम की खामोशी उसे बचा लेगी?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद