कानपुर:
शहर के बहुचर्चित ‘किडनी कांड’ में रावतपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुख्य आरोपी डॉ. अफजल के करीबी और उसके ड्राइवर परवेज सैफी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने उसके पास से ₹9 लाख नकद भी बरामद किए हैं।
परवेज सैफी की गिरफ्तारी में एक वायरल वीडियो अहम सुराग साबित हुआ, जिसमें वह डॉ. अफजल के साथ नोटों के ढेर के बीच बैठा दिखाई दे रहा था। जांच में सामने आया कि यह वीडियो कल्याणपुर के एक होटल में बनाया गया था। यह रकम पारुल नाम की महिला के ऑपरेशन के बाद वसूली गई थी, जिसे आरोपी जश्न के तौर पर रिकॉर्ड कर रहे थे।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने परवेज की तलाश तेज कर दी थी। पुलिस उपायुक्त के मुताबिक, परवेज कोई साधारण ड्राइवर नहीं बल्कि एक शातिर अपराधी है। उसके खिलाफ विभिन्न थानों में आधा दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं। वह लंबे समय से डॉ. अफजल के अवैध नेटवर्क में सक्रिय भूमिका निभा रहा था और वसूली की रकम को ठिकाने लगाने का काम करता था।
रावतपुर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान बरामद ₹9 लाख के स्रोत के बारे में वह कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे सका। पुलिस को आशंका है कि यह रकम किडनी तस्करी या अवैध प्रत्यारोपण से जुड़ी हो सकती है।
पुलिस का कहना है कि किडनी कांड से जुड़े हर आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा। परवेज की गिरफ्तारी से इस पूरे नेटवर्क के कई और राज खुलने की उम्मीद है। बरामद रकम और वायरल वीडियो को साक्ष्य के रूप में कोर्ट में पेश किया जाएगा।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और डॉ. अफजल समेत गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है। साथ ही यह भी खंगाला जा रहा है कि इस गिरोह के तार किन-किन अस्पतालों और प्रभावशाली लोगों से जुड़े हुए हैं।
किडनी कांड में ड्राइवर परवेज सैफी गिरफ्तार, ₹9 लाख कैश बरामद